जयसिंहपुर में खुलेगा जलशक्ति विभाग का मंडल : मुख्यमंत्री जयराम
जिला कांगड़ा के जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बीते दिनों लगभग 144 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के शिलान्यास एवं लोकार्पण किए। इस दौरान उन्होंने जयसिंहपुर में जल शक्ति विभाग मण्डल और खण्ड चिकित्सा अधिकारी कार्यालय खोलने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पंचरूखी को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र स्तरोन्नत करने, गांदर में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र खोलने, ग्राम पंचायत लाहडू में पशु औषधालय स्थापित करने, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ततेहल में विज्ञान संकाय की कक्षाएं तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अंद्रेटा में वाणिज्य संकाय की कक्षाएं प्रारंभ करने, लोक निर्माण विभाग के जयसिंहपुर स्थित विश्राम गृह में चार अतिरिक्त कमरों के निर्माण और राजकीय बहुतकनीकी महाविद्यालय तलवाड़ में दो नए ट्रेड शुरू करने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने 13 लाख रुपये की लागत से निर्मित प्रैस क्लब भवन जयसिंहपुर का लोकार्पण भी किया। उन्होंने प्रैस क्लब जयसिंहपुर को फर्नीचर, कम्प्यूटर व अन्य आवश्यक वस्तुओं की खरीद के लिए 5 लाख रुपये प्रदान करने की भी घोषणा की।
इन विकासकार्यों का किया लोकार्पण
जय राम ठाकुर ने 73.32 लाख रुपये की लागत से निर्मित उठाऊ पेयजल आपूर्ति योजना सुगरी-दा-बाग, मण्ड सड़क पर सीआरएफ के अंतर्गत 11.22 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 175 मीटर लम्बे डबल लेन पुल, बंधाओ-बडघटा सड़क पर मोल खड्ड और कोटलु नाला पर नाबार्ड के अतंर्गत 5.80 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित पुलों, बहुतकनीकी महाविद्यालय तलवाड़ में 3.75 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 50 बिस्तर के छात्रावास, 3.39 करोड़ रुपये से निर्मित राजकीय महाविद्यालय जयसिंहपुर के साईंस ब्लाॅक, डंडेल गंगुई गांव के सम्पर्क मार्ग पर सुकड़ खड्ड पर नाबार्ड के अतंर्गत 2.37 करोड़ रुपये से निर्मित पुल और डलु छातर वाया काॅलेज सड़क पर अनुसूचित जाति उप योजना के अंतर्गत 1.56 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 62 मीटर लम्बे पैदल पुल का लोकार्पण किया।
इन विकास कार्यों की रखी आधारशिला
मुख्यमंत्री ने जल जीवन मिशन के अतंर्गत जयसिंहपुर के लिए 2.87 करोड़ रुपये से निर्मित होने वाली उठाऊ सिंचाई योजना, कमान एरिया विकास कार्यक्रम के अतंर्गत 1.36 करोड़ रुपये की उठाऊ सिंचाई योजना बरदाम, जल जीवन मिशन में कमान एरिया विकास कार्यक्रम के अंतर्गत 2.90 करोड़ रुपये की उठाऊ सिंचाई योजना जयसिंहपुर, कमान एरिया विकास कार्यक्रम के अंतर्गत 1.05 करोड़ रुपये की उठाऊ सिंचाई योजना बडाहू, 59.60 करोड़ रुपये के उठाऊ पेयजल आपूर्ति योजना अद्राणा बडां, आलमपुर, हारसी सन्धौल, टिक्करी घुमारनु, अपर लम्बागांव, हरोड करण घाट, उतरापुर, सकोह, जयसिंहपुर और जलेत भट्टी के संवर्द्धन कार्य, ताम्बरु, डगोह, जुम्मन मलाड, द्रंग, तिनबार, मुंगल राणा नगर और सरी मोलग उठाऊ पेयजल आपूर्ति योजना के 2.59 करोड़ रुपये से उन्नयन कार्य कीे आधारशिला रखी। इसके अतिरिक्त जयसिंहपुर में 3.06 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियन्ता और सहायक अभियन्ता कार्यालयों, नाबार्ड के अंतर्गत 3.78 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली बाडी वाया नडोल सम्पर्क सड़क, नाबार्ड के अंतर्गत जलेट भट्टी वाया नहालिया सम्पर्क सड़क पर 2.47 करोड़ रूपये से निर्मित होने वाले हरोटी खड्ड पुल, सीआरएफ के अंतर्गत 31.63 करोड़ रुपये से आमलमपुर-हारसीपतन सड़क के उन्नयन कार्य और 3.82 करोड़ रुपये के पंचरूखी लम्बागांव सड़क के उन्नयन कार्य की आधारशिला भी रखी।
