देश के कई हिस्सों में मौसम विभाग ने जताया भारी बारिश का पूर्वानुमान, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में बर्फबारी की संभावना
आने वाले कुछ दिनों में देश के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। ये राज्य राजस्थान, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, ओडिशा और आंध्र प्रदेश हैं। इसके साथ ही, कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में बर्फबारी भी देखी जा सकती है। हालांकि, इस दौरान तमिलनाडु में बारिश के घटने की संभावना है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने यह जानकारी दी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने जारी की गई एक प्रेस रिलीज में बताया कि 30 नवंबर यानी आज से 2 दिसंबर के दौरान अंडमान और निकोबार में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। वहीं, इसके अलावा 3 दिसंबर की रात से अगले 48 घंटों तक उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और ओडिशा में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ वर्षा गतिविधि बढ़ने की संभावना है। विभाग ने कहा कि जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में 1 से 3 दिसंबर के बीच छिटपुट से व्यापक बारिश और बर्फबारी हो सकती है। ऐसा सबसे ज्यादा दो दिसंबर को होता दिखेगा। मौसम विभाग ने कहा कि दो दिसंबर को उत्तराखंड में छिटपुट भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना है।
