सरकार के बनाए नियम मंत्री महेंद्र सिंह ही तोड़ रहे है : कौल सिंह
पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने एक बार फिर से जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार जो नियम बना रही है, उसे तोड़ने में उनके ही मंत्री लगे हुए हैं। ठाकुर कौल सिंह ने कहा कि जैसे पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने भी कहा है कि कोरोना संक्रमण के दौरान को सरकार के मंत्रियों को जनता के बीच में जाने से बचना चाहिए, क्योंकि नेताओं की जनसभा से कोरोना प्रदेश में बढ़ रहा है और लोगों की जान जा रही है। शांता ने यह भी कहा था कि मंत्रियों को ऑफिस में बैठकर कार्य करने चाहिए। पूर्व मंत्री ठाकुर कौल सिंह ने कहा कि बीते दिनों मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर जोगिंदर नगर में जगह-जगह 8 से 10 गाड़ियों के काफिले के साथ पुलिस एसएचओ की गाड़ी एस्कॉर्ट करते हुए चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोविड -19 के चलते प्रदेश में काेराेना कर्फ्यू लगा हुआ है और धारा 144 लागू होते हुए मंत्री महेंद्र सिंह 50-100 लोगों को इकठ्ठा कर जनसभा कर कोविड -19 प्रोटोकॉल के नियमों को धज्जियां उड़ाने लगे। कौल सिंह ने कहा कि कोरोना की तीसरी लहर की आशंका बनी हुई है, जिसमें ब्लैक फंगस जैसी बीमारी से बच्चों को भी खतरा बताया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के यह मंत्री तीसरी लहर फैलाने का काम कर रहे हैं। कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि उन्होंने जिला उपायुक्त व एसपी से फोन कर पूछा है कि क्या मंत्री महेंद्र सिंह को कोविड -19 प्रोटोकॉल में छूट की इजाजत दी है या जिला मंडी में धारा 144 हटा दी गई है ? उन्होंने डीसी व एसपी मंडी के ध्यान में यह मामला पहुंचाया है।
जयराम से पूछा क्या कांग्रेस भी कर सकती हैं जनसभाएं?
पूर्व मंत्री ठाकुर कौल ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से पूछा है कि क्या कांग्रेस भी ऐसी जनसभाएं कर सकते हैं? उन्होंने कहा कि कांग्रेस कोविड -19 प्रोटोकॉल नियमों का सख्ती से पालन कर रही है। सरकार को भी चाहिए कि कोविड -19 प्रोटोकॉल नियमों का सख्ती से पालन करें। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि कोविड -19 प्रोटोकॉल के नियमों का उल्लंघन करने पर सरकार के मंत्री पर कार्रवाई की जाए।
पानी की स्कीम का झूठा श्रेय ले रहे महेंद्र सिंह ठाकुर
पूर्व मंत्री ठाकुर कौल सिंह ने कहा कि तत्कालीन कांग्रेस सरकार में 25 करोड़ रुपए की एक पानी की स्कीम पंजौड़ नाले में लगभग पूरी बनाई गई थी, लेकिन चौहार घाटी वाइल्ड लाइफ एरिया होने के कारण कुछ पाइप जोड़ने का काम बचा था। महेंद्र सिंह कोविड नियमों का उल्लंघन कर गांव-गांव जा कर उस पानी की योजना का झूठा श्रेय लेने की कोशिश कर रहे हैं।