पालमपुर में 31 वर्ष पहले पारित हुआ था अयोध्या के राम मंदिर का प्रस्ताव

अयोध्या में आज इतिहास रचा गया है। वर्षों तक अदालत में मामला चलने के बाद आज अयोध्या में राम मंदिर की नींव रखी गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को अयोध्या में राम मंदिर का भूमि पूजन किया है। पीएम मोदी ने यहां कहा कि राम मंदिर हमारी संस्कृति का आधुनिक प्रतीक बनेगा। पीएम मोदी ने अयोध्या पहुंच हनुमानगढ़ी में पूजा की, जिसके बाद उन्होंने राम लला के दर्शन किए। भूमि पूजन के दौरान मोहन भागवत, योगी आदित्यनाथ समेत अन्य कुछ मेहमान इस ऐतिहासिक समारोह में शामिल हुए।
5 अगस्त 2020 का ये दिन पूरे देश के लिए तो ऐतिहासिक है ही मगर कहीं न कहीं इस महत्वपूर्ण जीत के तार हिमाचल के पालमपुर से भी जुड़े हैं। जी हाँ ! यह दिन हिमाचल के कांगड़ा जिले के पालमपुर के लिए भी ऐतिहासिक है। बता दें की आज से 31 साल पहले राम मंदिर निर्माण का प्रस्ताव हिमाचल के पालमपुर में ही पारित हुआ था। पालमपुर में 11 जून, 1989 को अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और शांता कुमार ने राम मंदिर के निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया।
उस रोज़ राष्ट्रीय भाजपा कार्यसमिति की तीन दिन तक बैठक पालमपुर में हुई थी। इस बैठक में राम मंदिर निर्माण को लेकर पार्टी ने मंथन किया और तय हुआ कि अयोध्या में एक भव्य राम मंदिर का निर्माण किया जाएगा। बैठक के तीसरे दिन जब लालकृष्ण आडवाणी ने सबकी सहमति से राम मंदिर निर्माण का प्रस्ताव रखा था तो अटल बिहारी वाजपेयी ने अपने चिरपरिचित अंदाज में चुप होकर मुस्कराते हुए अपनी सहमति जताई थी। हिमाचल के पालमपुर में हुई इस बैठक के सूत्रधार रहे पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार उस समय प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष थे। यही कारण है की कुछ दिनों पहले इस बता का ज़िक्र उन्होंने अपनी एक प्रेस कांफ्रेंस में भी किया था।
पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार का कहना है कि पालमपुर में जून 1989 में राम मंदिर बनाने का लिया गया संकल्प आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरा किया है। इससे उन्हें गर्व महसूस हो रहा है, क्योंकि राम मंदिर निर्माण का प्रस्ताव पालमपुर में ही पारित हुआ था। उन्होंने कहा कि बैठक में अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी, विजयाराजे सिंधिया, मुरली मनोहर जोशी समेत पार्टी का शीर्ष नेतृत्व पालमपुर में था। वाजपेयी, आडवाणी, सिंधिया को विशेष अनुमति से सेशन हाउस में ठहराया गया था।
केंद्र ने गिरा दी थीं पांच राज्यों की भाजपा समर्थित सरकारें
भाजपा को इस फैसले की एक भारी कीमत भी चुकानी पड़ी थी।
भाजपा कार्यसमिति में राम मंदिर निर्माण का प्रस्ताव पारित होने के बाद छह दिसंबर को अयोध्या में बाबरी मस्जिद को गिरा दिया था। इसके कारण हिमाचल में शांता कुमार, राजस्थान में भैरों सिंह शेखावत, गुजरात में केशू भाई पटेल, मध्य प्रदेश में सुंदरलाल पटवा और यूपी में कल्याण सिंह की सरकारों को केंद्र सरकार ने केवल ढाई वर्षों के कार्यकाल के बाद ही बर्खास्त कर दिया था।
शांता कुमार का कहना है की इस राष्ट्रीय भाजपा कार्यसमिति की बैठक के बाद उन्होंने चौदह दिन शिमला तक पैदल यात्रा की और लोग उनसे जुड़ते रहे। कई लोग उनके साथ जुड़े उनका समर्थन किया और उनकी ये पद यात्रा एक जन आंदोलन बन गई। इस यात्रा के आयोजक उस समय प्रदेश मंत्री रहे महेंद्र नाथ सोफत थे। फिर शिमला में एक भव्य रैली हुई जिसमें अटल बिहारी वाजपेयी और सुषमा स्वराज जैसे बड़े नेता भी शामिल हुए। राम मंदिर के मुद्दे ने पूरे देश में भाजपा को एक अलग पहचान दिलाई और इसी के बाद पहली बार हिमाचल प्रदेश में प्रचंड बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बनी, पार्टी को प्रदेश में 46 सीटें मिली थीं।
इतिहास गवाह है कि 6 दिसंबर 1991 को हुए बाबरी विध्वंस के बाद भाजपा ने कभी पीछे मुड़ कर नहीं देखा।
1996, 1998 और 1999 के आम चुनाव में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनी। अटल बिहारी वाजपेयी तीन बार पीएम बने और देश में भाजपा की जड़े गहरी होती रही। हालांकि 2004 और 2009 के चुनाव में भाजपा की शिकस्त का सामना करना पड़ा पर वजूद पर सवाल कभी नहीं उठा। इस बीच भाजपा पर आरोप लगने लगा कि उसे चुनाव के वक्त ही राम याद आते है। 2014 में जब नरेन्द्र मोदी पीएम बने तो रामभक्तों को उम्मीद बंध गई। हालांकि मंदिर विवाद सुप्रीम कोर्ट में था पर राम भक्तों की सारी आस मानो पीएम मोदी पर टिकी थी। उम्मीद के मुताबिक फैसला राम मंदिर के पक्ष में आया और 492 साल के बाद श्री राम का वनवास समाप्त हुआ।
1991 में जब नरेन्द्र मोदी अयोध्या गए थे तो उन्होंने संकल्प लिया था कि मंदिर बनने के बाद ही दोबारा आएंगे और हुआ भी ऐसा ही। बुधवार 5 अगस्त को इतिहास बना और उन्हीं नरेन्द्र मोदी ने राम मंदिर का भूमि पूजन किया।