टोल प्लाजा पर 10 सेकंड से ज्यादा नहीं करना होगा इंतजार, NHAI ने दिए निर्देश
राष्ट्रीय राजमार्गों के टोल प्लाजा पर अब वाहनों को 10 सेकंड से ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। NHAI इस बात के निर्देश जारी किए है। NHAI के इन निर्देशों के बाद टोल प्लाजा पर पर लंबे इंतजार से छुटकारा मिल सकता है। नेशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने कहा है कि पीक आवर में भी टोल प्लाजा पर वाहनों को 10 सेकंड से ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। टोल प्लाजा पर 100 मीटर से ज्यादा लंबी वाहनों की कतार नहीं लगेगी। किसी भी कारण से अगर टोल प्लाजा पर 100 मीटर से ज्यादा लंबी कतार है तो वाहनों को बिना टोल टैक्स का भुगतान किए टोल प्लाजा पास करने की परमीशन होगी।
NHAI के नए नियमों के मुताबिक हर टोल प्लाजा पर 100 मीटर की दूरी दर्शाने के लिए एक पीली लाइन खींची जाएगी। ऐसा देश के हर टोल प्लाजा पर किया जाएगा। NHAI ने कहा, यह टोल प्लाजा ऑपरेटरों की जवाबदेही तय करने के लिए किया जा रहा है। NHAI के अनुसार, फरवरी 2021 से 100 प्रतिशत कैशलेस टोलिंग हो चुकी है। देश में बढ़ते इलेक्ट्रॉनिक टोल संग्रह को ध्यान में रखते हुए, एक कुशल टोल संग्रह प्रणाली के लिए अगले 10 वर्षों में काम किया जाएगा।