टोक्यो ओलंपिक्स का दूसरा दिन, भारत के कई अहम मुकाबले
टोक्यो में चल रहे ओलंपिक खेलों का आज दूसरा दिन है। दूसरे दिन भारत के कई अहम मुकाबले हैं, जिसमें पदक मुकाबले भी शामिल हैं। इसमें तीरंदाजी, निशानेबाजी बैडमिंटन, हॉकी, जूडो, रोइंग, टेबल टेनिस, टेनिस, वेटलिफ्टिंग शामिल हैं। पढ़िए लाइव अपडेट ...
वेटलिफ्टिंग- दूसरे नंबर पर रहीं मीराबाई
वेटलिफ्टिंग में भारत के मेडल की उम्मीद बढ़ रही है। मीराबाई चानू स्नैच में 87 किलोग्राम भार उठाकर दूसरे पायदान पर रहीं। थोड़ी देर बाद क्लीन एंड जर्क का दूसरा चरण शुरू होगा।
शूटिंग- फाइनल में पहुंचे सौरभ चौधरी
10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट के फाइनल में सौरभ चौधरी ने जगह बना ली है। सौरभ चौधरी ने 586 का स्कोर हासिल किया। अभिषेक वर्मा हालांकि फाइनल में जगह बनाने से चूक गए।
मेन्स हॉकी- भारत का जीत के साथ आगाज
मेन्स हॉकी में भारत ने जीत के साथ शुरुआत की है। भारत ने आखिरी क्वार्टर में अपनी बढ़त को कायम रखा और न्यूजीलैंड को 3-2 से मात देने में कामयाबी हासिल की. भारत के लिए बेहद ही शानदार शुरुआत है। हरमनप्रीत ने भारत के लिए दो गोल किए, जबकि एक गोल रुपेंद्र के खाते में गया. रविवार को भारत अपने दूसरे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगा।
जूडो में भारत को मिली निराशा
जूडो में भारत की खिलाड़ी सुशीला देवी को राउंड ऑफ 32 में हार का सामना करना पड़ा है। सुशीला देवी को अपने पहले मुकाबले में हंगरी की इवा ने हराया। सुशीला देवी जूडो में भारत की ओर से हिस्सा ले रही एकमात्र खिलाड़ी हैं।
टेबल टेनिस- मिक्स्ड डबल्स में भारत की चुनौती समाप्त
टेबल टेनिस के मिक्स्ड डब्ल्स इवेंट में भारत के हाथ निराशा आई है। मनिका बत्रा और शरत कमल की जोड़ी को चीनी ताइपे जोड़ी ने मात दे दी है। इसके साथ ही मनिका बत्रा और शरत कमल का सफर मिक्स्ड डबल्स इवेंट में समाप्त हो गया है।