दिल्ली समेत पहाड़ी राज्यों में बढ़ा ठंड का प्रकोप, कई क्षेत्रों में येलो अलर्ट जारी
देशभर में अब तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। राजधानी दिल्ली भी कोहरे की चादर में लिपटी हुई है। सुबह के समय घने कोहरे के कारण यहां लोगों को खराब विजिबिलिटी के कारण यातायात में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, पहाड़ी राज्यों की बात करें तो हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के कारण निचले इलाकों में भी इसका खूब असर दिख रहा है। मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि अगले 4 से 5 दिनों के दौरान हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के लिए घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा 20 दिसंबर और 21 दिसंबर के दौरान बिहार और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अलग-अलग इलाकों में घना कोहरा छाने की संभावना है।
वहीं हिमाचल प्रदेश कि बात करे तो हिमाचल में बीते सप्ताह तक रिकॉर्ड गर्मी के बाद अब सर्दी का सितम देखने को मिल रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने अगले 4 दिनों में मैदानी व निचले इलाकों में शीतलहर चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही दोपहर में ऊंचाई वालों क्षेत्रों व मैदानी इलाकों में घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी दी गई है जिससे विजिबिलिटी 50 मीटर तक कम होगी। ऐसे में वाहन चालकों को गाड़ी चलाते वक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। वहीं शीतलहर के येलो अलर्ट के बीच प्रदेश के अधिकतर शहरों का न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु के आसपास पहुंच गया है। प्रदेश में बीते 3 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 6 डिग्री सेल्सियस और 24 घंटे में 3 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आई है।
प्रदेश के ऊंचे क्षेत्रों से ज्यादा ठंड मैदानी इलाकों में पड़ रही है। बीती रात में शिमला का न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस तो मंडी का 1.1 डिग्री, मनाली का 0.2 डिग्री, हमीरपुर का 2.8 डिग्री, सोलन 1.9 डिग्री, पालमपुर 4 डिग्री, भुंतर 0.4 डिग्री, सुंदरनगर 0.6 डिग्री, सोलन 1.9 डिग्री, चंबा का 3.7 डिग्री, ऊना का 4.2 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। वहीं मौसम विभाग के अनुसार, सामान्य की तुलना में मंडी के न्यूनतम तापमान में सबसे ज्यादा 2.9 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।
