दिशा रवि की गिरफ्तारी से गरमाई सियासत, विपक्ष ने साधा निशाना
पुलिस ने टूलकिट मामले में 22 साल की पर्यावरण कार्यकर्ता दिशा रवि को गिरफ्तार किया है। इसका किसान और कांग्रेस नेताओं ने विरोध करना शुरू कर दिया है। किसान नेता दर्शनपाल का कहना है कि दिशा को तुरंत बिना शर्त रिहा किया जाना चाहिए। वहीं राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, शशि थरूर और अरविंद केजरीवाल ने दिशा की गिरफ्तारी का विरोध किया है। इसके अलावा अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस की भांजी मीना हैरिस ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि सरकार कार्यकर्ता को निशाना क्यों बना रही है।
राहुल गाँधी ने जलवायु कार्यकर्ता की टूलकिट मामले में हुई गिरफ्तारी का विरोध करते हुए कहा कि भारत को चुप नहीं कराया जा सकता है। उन्होंने लिखा, 'बोल की लब आजाद हैं तेरे, बोल की सच जिंदा है अब तक। वो डरे हैं, देश नहीं। भारत को चुप नहीं कराया जा सकता।'
पुलिस ने दिशा को ग्रेटा थनबर्ग द्वारा किसान आंदोलन के समर्थन में शेयर की गई टूलकिट के मामले में रविवार को गिरफ्तार किया है। ग्रेटा ने कुछ दिनों पहले अपने ट्वीट के साथ एक टूलकिट शेयर की थी। हालांकि बाद में उन्होंने इसे डिलीट कर दिया था। पुलिस का आरोप है कि दिशा ने ही उसे सर्कुलेट किया था।
