सियासी घमासान के बीच पुडुचेरी एलजी किरण बेदी को पद से हटाया, आज राहुल करेंगे पुडुचेरी का दौरा
पुडुचेरी में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले ही राष्ट्रपति ने वहां की एलजी किरण बेदी को पद से हटा दिया है। बता दें की इन दिनों पुडुचेरी में सियासी घमासान मचा हुआ है। यहाँ पर दो मंत्रियों समेत चार विधायकों के इस्तीफे के बाद कांग्रेस नीत नारायणस्वामी सरकार अल्पमत में आ गई है। विपक्ष मुख्यमंत्री नारायणस्वामी से इस्तीफे की मांग कर रहा है। वहीं दूसरी ओर पुडुचेरी के राज्यपाल पद से हटाए जाने के बाद बुधवार सुबह डॉ. किरण बेदी ने ट्वीट कर आभार जताया। इस सियासी उठापटक के बीच कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी आज पुडुचेरी के दौरे पर जाएंगे। इस दौरान वह एक रैली को भी संबोधित करेंगे।
पुडुचेरी के एलजी के तौर पर किरण बेदी लगभग 100 दिन के बाद रिटायर होने वाली थीं। किरण बेदी ने 29 मई 2016 को पुडुचेरी के उपराज्यपाल की शपथ ली थी, इस हिसाब से 29 मई 2021 को उनका कार्यकाल पूरा होने वाला था। लेकिन इस बीच एक बड़े घटनाक्रम में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने उन्हें उपराज्यपाल के पद से हटा दिया है। पुडुचेरी के राज्यपाल के पद से हटाए जाने के बाद किरण बेदी ने भारत सरकार समेत अपने तमाम साथियों का शुक्रिया अदा किया। किरण बेदी ने एक पत्र लिखकर भारत सरकार का आभार जताया। इसी के साथ उन्होंने अपने तमाम साथियों का भी आभार जताया। किरण बेदी ने लिखा है कि उन्होंने संवैधानिक एवं नैतिक जिम्मेदारियों को पूरा करने के कर्तव्य के तहत सभी कार्य किए। बेदी ने कहा कि वह पूरी संतुष्टि के साथ यह कह सकती हैं कि उनके कार्यकाल में ‘राज निवास' की टीम ने जन हित के लिए पूरी कर्मठता से काम किया।
