राहुल गाँधी ने श्वेत पत्र किया जारी, बोले - सरकार कोरोना की तीसरी लहर में न दोहराएं दूसरी लहर की गलती
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्र सरकार पर हमला बोला है। राहुल ने कहा कि कोरोना की तीसरी लहर आनी तय है, ऐसे में सरकार को अभी से ही तैयारी शुरू कर देनी चाहिए। राहुल गांधी ने कांग्रेस की ओर से श्वेत पत्र जारी करते हुए सरकार से गलती सुधारने की मांग की। राहुल गांधी ने कहा कि श्वेत पत्र जारी करने का मकसद सरकार को रास्ता दिखाने है। मीडिया को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि वैज्ञानिकों ने कोरोना की दूसरी लहर के लिए सरकार को चेताया था, लेकिन सरकार ने इस पर ध्यान नहीं दिया। दूसरी लहर संभालने में सरकार विफल रही है। दूसरी लहर में जिनको बचाया जा सकता था, लेकिन बचाया नहीं गया। कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि वायरस लगातार म्यूटेट हो रहा है। वैज्ञानिक इसे लेकर लगातार चेतावनी दे रहे हैं। तीसरी लहर में बहुत मुश्किल हो सकती है। सरकार को अपनी गलतियां सुधार कर पहले से ही सारे इंतजाम करने चाहिए। ताकि कोविड की तीसरी लहर से कम से कम नुकसान हो और लोगों को परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि कांग्रेस श्वेतपत्र के जरिए सरकार की पिछले साल की गलतियों को सामने लाना चाहती है। सरकार इसे पढ़ेगी तो फायदा होगा।
