सेंसेक्स में 800 अंक से ज्यादा की तेजी, निफ्टी भी 250 अंक से ज्यादा चढ़ा

शेयर बाजार में आज तेजी देखने को मिल रही है। सेंसेक्स 800 अंक से ज्यादा की तेजी के साथ 75,200 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं निफ्टी में भी 250 अंक से ज्यादा की बढ़त है। ये 22,900 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। शुरुआती कारोबार के दौरान सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 26 में बढ़त और 4 में गिरावट देखने को मिल रही है। NTPC और SBI के शेयर में 5% की बढ़त है। वहीं हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयर में 2% की गिरावट है।
बुधवार को अमेरिकी बाजार में तेजी देखने को मिली। डाओ जोंस 0.25% चढ़कर 38,807.33 पर बंद हुआ। वहीं S&P 1.18% चढ़कर 5,354.03 और नैस्डेक 1.96% चढ़कर 17,187.91 पर बंद हुआ। वहीं एशियाई बाजारों में भी आज बढ़त देखने को मिल रही है। देश के सबसे बड़े एक्सचेंज NSE ने बुधवार सुबह 9:15 से दोपहर 3:30 बजे तक 1971 करोड़ ऑर्डर और 28.05 करोड़ ट्रेड को प्रोसेस किया। ये एक दिन में ट्रांजेक्शन का वर्ल्ड रिकॉर्ड है।
इससे पहले बीते कल यानी 5 जून को सेंसेक्स 2,303 अंक (3.20%) की तेजी के साथ 74,382 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी में भी 735 अंक (3.36%) की बढ़त रही। ये 22,620.35 के स्तर पर बंद हुआ था। 4 जून को सेंसेक्स 4389 अंक (5.74%) की गिरावट के साथ 72,079 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी में भी 1,379 अंक (5.93%) की गिरावट रही, ये 21,884 के स्तर पर बंद हुआ था।