शिमला: मुख्यमंत्री ने जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र में 144 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के किए शिलान्यास एवं लोकार्पण | Shimla News
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बुधवार को कांगड़ा जिला की जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र में लगभग 144 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के शिलान्यास एवं लोकार्पण किए। इसके उपरान्त चैगान मैदान जयसिंहपुर मे एक जनसभा को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने जयसिंहपुर मे जल शक्ति विभाग मण्डल और खण्ड चिकित्सा अधिकारी कार्यालय खोलने की घोषणा की। इसके अतिरिक्त उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पंचरूखी को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र स्तरोन्नत करने, गांदर मे प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र खोलने, ग्राम पंचायत लाहडू मे पशु औषधालय स्थापित करने, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ततेहल में विज्ञान संकाय की कक्षाएं तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अंद्रेटा मे वाणिज्य संकाय की कक्षाएं प्रारंभ करने, लोक निर्माण विभाग के जयसिंहपुर स्थित विश्राम गृह मे चार अतिरिक्त कमरों के निर्माण और राजकीय बहुतनीकी महाविद्यालय तलवाड़ मे दो नए ट्रेड शुरू करने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि जयसिंहपुर मे सब डिपो के स्थान पर हिमाचल राज्य पथ परिवहन निगम का डिपो शीघ्र ही खोल दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा प्रारंभ किए गए जल जीवन मिशन के माध्यम से राज्य के प्रत्येक परिवार को नल से पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता और निरन्तर प्रयासों से हिमाचल प्रदेश इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में अग्रणी राज्य के रूप मे उभरा है। उन्होंने कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यकाल मे इस विधानसभा क्षेत्र में एक पुल तक का निर्माण नहीं किया जा सका जबकि वर्तमान सरकार ने अपने लगभग चार वर्ष के कार्यालयमे इस विधानसभा क्षेत्र में 6 नए पुलों का निर्माण किया है। क्षेत्र की सड़कों के बेहतर रखरखाव और नई सड़कों व पुलों के निर्माण के दृष्टिगत प्रदेश सरकार ने जयसिंहपुर मे लोक निर्माण विभाग का मण्डल कार्यालय खोला है। उन्होने कहा कि कोविड-19 महामारी ने देश व प्रदेश की आर्थिकी को बुरी तरह से प्रभावित किया है। इसके बावजूद प्रदेश सरकार ने हिमाचल मे विकास की गति को बनाए रखा है। देश के लोग सौभाग्यशाली हैं कि उन्हें इस संकट काल मे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रूप मे एक सशक्त नेतृत्व प्राप्त है और उनके मार्गदर्शन मे देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर अग्रणी स्वतंत्र एजेंसियों ने भी अपने सर्वेक्षणों मे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को विश्व का सबसे लोकप्रिय नेता माना है।
Shimla Himachal News
