शिमला: राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने जनरल बिपिन रावत के निधन पर शोक किया व्यक्त | Shimla News
राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने वीरवार को तमिलनाडु में एक हेलीकाॅप्टर दुर्घटना में चीफ ऑफ़ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत, उनकी धर्मपत्नी और सशस्त्र बलों के अन्य कर्मियों के आकस्मिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। राज्यपाल ने कहा कि जनरल बिपिन रावत ने राष्ट्र की सुरक्षा और भारतीय सशस्त्र बलों के आधुनिकीकरण के लिए बहुत योगदान दिया। उनका निधन देश के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति संवेदना व्यक्त की। जयराम ठाकुर ने कहा कि देश ने भारतीय सेना के एक सम्मानित अधिकारी और शीर्ष कमांडर को खो दिया है, उन्होंने कई महत्वपूर्ण अवसरों पर देश को गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि जनरल रावत द्वारा राष्ट्र को प्रदान की गई सर्वोच्च सेवाओं को सदैव याद रखा जाएगा। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। उन्होंने दुर्घटना मे घायल ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की भी कामना की है।
Shimla Himachal News
