तेरह राज्यों के राज्यपाल व एलजी में फेरबदल, शिव प्रताप शुक्ला होंगे हिमाचल के नए राज्यपाल
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बीते रविवार को बड़ा उलटफेर करते हुए 13 राज्यों के राज्यपाल व एलजी में फेरबदल किया है। उन्होंने महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी का इस्तीफा मंजूर करते हुए रमेश बैस को नया राज्यपाल नियुक्त किया है। इसके अलावा लद्दाख के एलजी राधा कृष्णन माथुर का इस्तीफा भी मंजूर कर लिया गया है। उनकी जगह अरुणाचल के ब्रिगेडियर बीडी मिश्रा को लद्दाख का एलजी बनाया गया है। इसके अलावा राष्ट्रपति ने लेफ्टिनेंट जनरल कैवल्य त्रिविक्रम परनाइक को अरुणाचल प्रदेश का राज्यपाल नियुक्त किया है। लक्ष्मण प्रसाद आचार्य को सिक्किम, सीपी राधाकृष्णन को झारखंड, गुलाब चंद कटारिया को असम, न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) एस अब्दुल नजीर को आंध्र प्रदेश के राज्यपाल के रूप में नियुक्त किया गया। वहीं, राष्ट्रपति ने आंध्र प्रदेश के राज्यपाल बिस्वा भूषण हरिचंदन को छत्तीसगढ़ का राज्यपाल नियुक्त किया गया। छत्तीसगढ़ की राज्यपाल अनुसुइया उइके को मणिपुर का राज्यपाल नियुक्त किया गया। इसके अतिरिक्त मणिपुर के राज्यपाल ला गणेशन को नगालैंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया। बिहार के राज्यपाल फागू चौहान को मेघालय का राज्यपाल नियुक्त किया गया।
हिमाचल प्रदेश में भी नए राज्यपाल की तैनाती हुई है। शिव प्रताप शुक्ला हिमाचल के नए राज्यपाल होंगे। शिव प्रताप सिंह 2014-19 तक रही मोदी सरकार में मंत्री रहे हैं। शिव प्रताप शुक्ला मौजूदा समय में राज्यसभा से सांसद हैं। शिव प्रताप शुक्ला उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। उन्होंने एबीवीपी से जुड़ने के बाद छात्र राजनीति शुरू की थी। साल 1989 में उत्तर प्रदेश में वह विधानसभा चुनाव लड़े थे। वह चार बार विधायक रहे। इस दौरान वह उत्तर प्रदेश में मंत्री भी रहे। शिव प्रताप शुक्ला ने 1989 में आम चुनावों में प्रचार किया और कांग्रेस के सुनील शास्त्री को हराकर उत्तर प्रदेश विधान सभा के सदस्य चुने गए। वे 1989, 1991, 1993 और 1996 में विधानसभा सदस्य चुने गए थे। शिव प्रताप शुक्ला उत्तर प्रदेश में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकारों में राज्य मंत्री भी रहे हें। भारतीय जनता पार्टी-बहुजन समाज पार्टी सरकार में 1996-1998 में वह जेल मंत्री थे। साथ ही 1998-2002 में राजनाथ सिंह की भाजपा सरकार के तहत बाद में ग्रामीण विकास मंत्री रहे हैं। अब शिव प्रताप शुक्ला को हिमाचल का 22वां राज्यपाल बनाया गया है।