तमिलनाडु : मूसलाधार बारिश में इंसानो सहित मवेशियों को भी किया जा रहा रेस्क्यू
तमिलनाडु के चेन्नई व अन्य हिस्सों में मूसलाधार बारिश आफत बन कर सामने आयी है। तमिलनाडु में बारिश के कारण मवेशियों का भी बुरा हाल है। सप्ताह भर से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण लोगों के पास रहने और खाने की समस्या हो गई है। आसमानी आफत से लोगो का जीवन पूरी तरह से बिखर चुका है। बारिश थमने का नाम नहीं ले रही और बड़ी संख्या में लोग बेघर हो गए हैं। इस के बीच राहत भरी खबर यह है कि तमिलनाडु में चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन में इंसानों के साथ ही साथ जानवरों को भी बचाने का ऑपरेशन शुरू हो चुका है। पूरे तमिलनाडु में अब तक 15 हजार से ज्यादा लोगों को बचाया गया है, इन्हें 290 से अधिक राहत केंद्रों में रखा गया है। बड़ी संख्या में जानवरों को बचाया जा रहा है। पूर्वोत्तर में सक्रिय मानसून केरल के लिए खतरा बन रहा है। भारतीय मौसम विभाग ने 13 नवंबर को केरल के छह जिलों और 14 नवंबर को पांच जिलों में भारी बारिश के संकेत दिए हैं। विभाग की ओर से इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
