दक्षिण अफ्रीका से आने वालों को मुंबई एयरपोर्ट पर किया जाएगा क्वारंटाइन, नए वेरिएंट ओमिक्रोन के बाद लिया गया फैसला
कोरोना के नए स्ट्रेन मिलने से दुनियाभर में हड़कंप मचा हुआ है। इस पर मुंबई प्रशासन की तरफ से यह फैसला लिया गया है नए वेरिएंट ओमिक्रोन के बाद दक्षिण अफ्रीका से आ रही फ्लाइट्स पर बैन लगाया जाए। मुंबई की मेयर ने कहा- “कोरोना के नए वेरिएंट को लेकर मुंबई में चिंताएं हैं। दक्षिण अफ्रीका से आ रहे लोगों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद उनकी जीनोम सिक्वेंसिंग की जाएगी। विदेश जाने वाली फ्लाइट्स पर किसी तरह की रोक नहीं है। लेकिन यह फैसला पहले के अनुभवों को देखते हुए लिया गया है। इधर, कोरोना के नए स्ट्रेन के मचे हड़कंप और विश्व स्वास्थ्य संगठन की तरफ से आगाह किए जाने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को शीर्ष अधिकारियों के साथ करीब डेढ़ घंटे तक बैठक की। इस बैठक के दौरान कोविड-19 की स्थित और टीकाकरण पर समीक्षा की गई। इस बैठक में कैबिनेट सचिव राजीव गौबा, पीएम के प्रधान सचिव पीके मिश्रा, केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण और नीति आयोग के सदस्य डॉ वीके पॉल मौजूद थे।
