मुंबई में हाई टाइड को लेकर चेतावनी जारी
मानसून ने महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में समय से पहले दस्तक दे दी और पहली बारिश में ही मुंबई का बेहाल हो गया। भारी बारिश के बाद सड़कों पर पानी भर गया और ट्रेनों के पहिए भी थम गए। इस बीच मुंबई में हाई टाइड को लेकर चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, आज दोपहर 12.17 बजे हाई टाइड की संभावना जताई है और इस दौरान समुद्र में 4.26 मीटर की लहरें उठेंगी। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा कि मुंबई में भारी बारिश की आशंका है। वहीं, अगर हाई टाइड के वक्त भी बारिश हुई तो मुंबईकरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। मुंबई के कई इलाकों में बुधवार से ही भारी बारिश हो रही है और इस बीच मलाड के मालवणी इलाके में एक 4 मंजिला इमारत अचानक ढह गई। हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। इस घटना की वजह से पास की 2 अन्य आवासीय इमारतों को भी नुकसान हुआ है, जिन्हें खाली करा लिया गया है।