दाड़लाघाट : एनएच-205 शिमला-मंडी सड़क की हालत फिर हुई दयनीय
फर्स्ट वर्डिक्ट। दाड़लाघाट
राष्ट्रीय राजमार्ग-205 शिमला मंडी सड़क की हालत फिर दयनीय हो गई है। इसका अंदाजा दाड़लाघाट स्थित हिमाचल टूरिज़म के होटल बाघल के पास चंदेल सर्विस स्टेशन के पास पड़े हुए खतरनाक गढ्ढों से लगाया जा सकता है। इस मार्ग पर दोपहिया वाहनों को गुजरने में भारी दिक्कतें होती हैं। कई बार तो दोपहिया वाहनों को इस स्थान पर कई लोग पीछे की सवारी को उतार कर दुपहिया को कच्चे से निकालकर आगे करते देखा जा सकता है। इस सड़क में यह पता नहीं लगता इस सड़क में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क है। वहीं, बात करें चाैपहिया वाहनों की, तो इस जगह पर उन्हें गाड़ी निकलने में भारी मशकत का सामना करना पड़ता है।
इस 50 मीटर के दायरे पर जगह-जगह पर इतने गड्ढे पड़ चुके हैं कि कई गाड़ियों को नुकसान तक हो चुका है। वहीं, बात की जाए, तो शिमला-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग होने से यहां से उच्च अधिकारियों एवं मंत्रियों का आना जाना लगा ही रहता है, परंतु उन्हें यह गड्ढे शायद नहीं दिखते या फिर इन्हें नजरअंदाज किया जा रहा है। 24 घंटे व्यस्त रहने वाले इस मार्ग को सरकार द्वारा अनदेखी के कारण वाहन चालकों को मुसीबतों का सामना करना पड़ता है। जगह-जगह गड्ढे होने से गड्ढों में पानी भरने से जहां पैदल चलने वाले यात्रियों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है।
वहीं, पानी से भरे गड्ढों में पानी होने से वाहन चालकों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है, जिससे कई बार कई वाहनों को की दुर्घटना भी हो गई है। वहीं, कई बार प्रसव पीड़ा या बीमार बुजुर्गों को एम्बुलेंस में गुजरने से बहुत परेशानी का सामना भी करना पड़ता है, परंतु प्रशासन के कान पर जूं तक नहीं रेंग पाती। स्थानीय लोगों ने सरकार व प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द पड़े इन गड्डों को ठीक करवाया जाए, जिससे लोगों को हो रही परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
इस संबंध में एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर सुरेश शर्मा से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि इस प्वाइंट में जमीनी विवाद के चलते कार्य नहीं हो पा रहा है। इसके चलते एसडीएम अर्की को सूचित कर दिया है। जैसे उनके द्वारा कार्रवाई होती है, साइड इंजीनियर को भेजकर इस प्वाइंट में पड़े गड्डों को ठीक करवा दिया जाएगा।
