आम दिनों की तरह रहा आज का दिन, भारत बंद का असर नहीं
दाड़लाघाट में विभिन्न संगठनों द्वारा भारत बंद के आह्वान का कोई असर देखने को नही मिला। आम दिनों की तरह दाड़लाघाट में व्यापारिक गतिविधियां चलती रही। व्यापार मंडल दाड़लाघाट के प्रधान वेद प्रकाश शुक्ला ने कहा कि व्यापार मंडल किसानों की उचित मांगों का समर्थन करता है लेकिन भारत बंद का समर्थन नहीं करता। किसानों को अपनी उचित मांगों को सरकार से बातचीत कर हल करने का प्रयास करना चाहिए। आज आम दिनों की तरह दाड़लाघाट में दुकानें खुली रहीं।
बस स्टैंड दाड़लाघाट के व्यवसायी राजेन्द्र कपिल का कहना है कि दाड़लाघाट में भारत बंद का कोई असर देखने को नहीं मिला, हर दिन की तरह दुकानें खुली रहीं। भारत बंद को व्यापार मंडल के साथ साथ लोगों ने भी नकार दिया है। बातचीत हर समस्या का हल है।
व्यापार मंडल के उपप्रधान हेमराज गौतम ने बताया कि किसान संगठनों को अपनी जायज़ मांगों को लेकर सरकार से बातचीत करनी चाहिए, भारत बंद का आह्वान पूरी तरह से गलत है जिसे लोगों ने ठुकरा दिया है। कोविड-19 के कारण पहले व्यापार प्रभावित हो चुका है। ऐसे में भारत बंद का कोई औचित्य नहीं है। व्यवसाई भरत गौतम, राकेश गौतम, सुमन गौतम, विकास कौशल, तरसेम, नीरज कपिला, रमेश कुमार, हेमराज, हितेश, संजय सहित अन्य दुकानदारों का कहना है कि कोविड-19 के चलते व्यापारी वर्ग पहले से परेशान चल रहा है। ऐसे में भारत बंद का कोई औचित्य नहीं है। लोगों ने भी भारत बंद को ठुकरा दिया है।किसान संगठनों को अपनी जायज़ मांगों को लेकर सरकार से बात करनी चाहिए।
