शिमला : बजट में किसी भी विश्वविद्यालय को नहीं मिला स्थान : अभाविप
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हिमाचल प्रदेश के प्रदेश मंत्री आकाश नेगी ने एक ब्यान जारी करते हुए कहा है कि हिमाचल प्रदेश सरकार ने आज 2023-24 का बजट पेश किया है। इस बजट में प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षा जगत को निराश करने का कार्य किया है। इस बजट में न तो शिक्षा सुधार की कोई बात की है, न ही शिक्षा को बढ़ावा देने की। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा पेश किए बजट में हिमाचल प्रदेश के किसी भी विश्वविद्यालय का कोई भी वर्णन नहीं किया गया है। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला के किसी विकास को लेकर शिक्षा में सुधार की कोई चर्चा इस बजट में नहीं है।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के लंबे आंदोलन के बाद हिमाचल प्रदेश में दूसरा विश्वविद्यालय खोला गया। ताकि हिमाचल प्रदेश के दूरदराज क्षेत्रों से आने वाले छात्र अपनी पढ़ाई कर सकें, लेकिन हम देखते हैं कि प्रदेश सरकार ने जो बजट आज पेश किया है, उसमें सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी का भी कोई जिक्र इस बजट में नहीं किया गया है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षा क्षेत्र में पेश किए गए बजट का पुरजोर विरोध करती है। क्योंकि है बजट शिक्षा जगत के हित में नहीं है।
