शिमला : अब गृह रक्षकों काे 883 रुपए मिलेगा दैनिक मानदेय-मुख्यमंत्री
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आज यहां कहा कि राज्य सरकार ने गृह रक्षकों का दैनिक मानदेय 675 रुपए से बढ़ाकर 883 रुपए प्रतिदिन करने का निर्णय लिया है। इससे प्रदेश के लगभग 5 हजार गृह रक्षक लाभान्वित होंगे। जयराम ठाकुर ने कहा कि गृह रक्षक जवान प्रतिमाह 20,258 रुपए प्रतिमाह मानदेय प्राप्त कर रहे थे और इस बढ़ोतरी के उपरांत अब उन्हें 26,492 रुपए प्रतिमाह मानदेय मिलेगा। इस तरह उनके मानदेय में प्रतिमाह 6,234 रुपए की वृद्धि सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि इस निर्णय के उपरांत इनके मानदेय पर प्रदेश सरकार प्रतिमाह 3 करोड़ रुपए और प्रतिवर्ष 34 करोड़ रुपए व्यय करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अपने सभी कर्मचारियों के लिए छठे वेतन आयोग की सिफारिशें पूर्व में ही लागू कर चुकी है।
