कांगड़ा : एनपीएस कर्मचारी महासंघ ब्लॉक कांगड़ा ने कृषि मंत्री चाैधरी चंद्र कुमार का किया स्वागत

तिलक राज। कांगड़ा
न्यू पेंशन स्कीम कर्मचारी महासंघ ब्लॉक कांगडा ने पुरानी पेंशन बहाली पर कृषि एवं पशुपालन मंत्री चौधरी चंद्र कुमार का भव्य स्वागत किया। साथ ही प्रदेश सरकार का पुरानी पेंशन बहाल करने पर आभार व्यक्त किया। कृषि एवं पशुपालन मंत्री चौधरी चंद्र कुमार ने कहा कि उनकी सरकार ने पहली कैबिनेट में पेंशन बहाली का वादा किया था, जिसे पूरा कर दिया है। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने भाग लिया। सभी कर्मचारियों ने हिमाचल प्रदेश की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार द्वारा प्रदेश में पुरानी पेंशन व्यवस्था की बहाली करके कर्मचारियों को जो लोहड़ी का तोहफा दिया, उसके लिए हार्दिक आभार प्रकट किया। कर्मचारियों ने इस अवसर पर लड्डू बांटकर जश्न मनाया।
एनपीएसईए के जिला कोषाध्यक्ष वीरेश भारती एवं ब्लॉक प्रधान राजीव समकरिया ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार के मंत्रिमंडल ने पुरानी पेंशन की बहाली के ऐतिहासिक फैसले द्वारा कर्मचारियों और उनके परिवारों को अभूतपूर्व सामाजिक व आर्थिक सुरक्षा प्रदान की है। कर्मचारी नए जोश व लगन के साथ अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए सरकार की नीतियों को धरातल पर उतारेंगे और जनता के प्रति संपूर्ण सेवा भाव से अपने-अपने कार्य क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे। इस अवसर पर वीरेश भारती, राजीव समकरिया, संजीव कपूर, मनीष पांजलु, अमन वालिया, विजय कुमार, योगराज, राजीव कुमार, राजेश कुमार, गगन, रोमी व अनिल कुमार आदि कर्मचारी उपस्थित रहे।