दाड़लाघाट : नंबरदार यूनियन ने अपनी मांगाें काे लेकर तहसीलदार काे साैंपा ज्ञापन
मनाेज शर्मा। दाड़लाघाट
सब तहसील दाड़लाघाट में हिमाचल प्रदेश नंबरदार यूनियन के जिला सोलन के सदस्यों ने नायब तहसीलदार कमल रोहाल को अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। नंबरदार यूनियन के प्रदेश महामंत्री भीम सिंह चौहान तथा सोलन जिला नंबरदार यूनियन के प्रधान राजेंद्र ठाकुर की अगुवाई में क्षेत्र के लगभग 40 नंबरदार सदस्य नायब तहसीलदार से मिले और उन्हें अपनी विभिन्न मांगों से संबंधित एक ज्ञापन सौंपा। इससे पूर्व नंबरदारों ने नायब तहसीलदार को शॉल टोपी पहना कर सम्मानित भी किया। नायब तहसीलदार ने उनकी मांगों को सहानुभूति पूर्वक सुना और कहा कि उनकी इन समस्याओं को हल कर सकते हैं, उन्हें सब तहसील स्तर पर ही हल कर दिया जाएगा और जिन मांगों का हल यहां नहीं निकल पाएगा, उन्हें सरकार को भेज दिया जाएगा।
सब तहसीलदार ने नंबरदारों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि वे भी गांव में जाकर लोगों को जागरूक करें कि लोग बेसहारा गोधन को सड़कों पर न छोड़ें, युवाओं में बढ़ रही नशे की दुष्प्रवृत्ति को रोकने में भी सहयोग करें। इसी प्रकार ग्रामीण लोगों को टोल फ्री नंबर की जानकारी देकर सहयोग देने की अपील की गई। इस अवसर पर उपस्थित नंबरदार सदस्यों ने नायब तहसीलदार को अपना पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया तथा बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में समाप्त की गई। इस बैठक में नंबरदार यूनियन के प्रदेश महामंत्री भीम सिंह चौहान, सोलन जिला प्रधान राजेंद्र ठाकुर, अर्की नंबरदार यूनियन के प्रधान नंदलाल ठाकुर, महासचिव कुलदीप ठाकुर, सचिव मोहन लाल, कोषाध्यक्ष अनीता शर्मा व सह सचिव अंजू शर्मा सहित अन्य उपस्थित रहे।
