नूरपुर: कबाड़ से कमाल, फतेहपुर स्कूल के छात्र लक्ष्मण ने तैयार किया वर्किंग मॉडल
जिला कांगड़ा के राजकीय मांडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल फतेहपुर के बारहवीं कक्षा में पढ़ने वाले ऑटोमोबाइल विषय के छात्र लक्ष्मण ने कबाड़ और पुराने वाहनों के पार्ट्स से एक अनोखा वर्किंग मॉडल तैयार कर सबका ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है। यह उपकरण ट्रैक्टर की तरह दिखता भी है और चलता भी है। खास बात यह है कि यह पेट्रोल से संचालित होता है और पूरी तरह कार्यशील है। सीमित संसाधनों के बावजूद छात्र ने अपनी तकनीकी समझ और रचनात्मक सोच का बेहतरीन परिचय दिया है।
लक्ष्मण ने पुराने इंजन पार्ट्स, बेकार पड़ी धातु सामग्री और अन्य अनुपयोगी ऑटो पार्ट्स को एकत्र कर उन्हें नई संरचना में ढालते हुए यह मॉडल तैयार किया। उनका कहना है कि यदि विद्यार्थियों को सही मार्गदर्शन और प्रयोग का अवसर मिले तो वे कबाड़ से भी उपयोगी और नवाचारी उपकरण बना सकते हैं। यह प्रयास ‘वेस्ट टू बेस्ट’ की अवधारणा को साकार करता है और पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश देता है। ऑटोमोबाइल के शिक्षक रविंद्र सिंह ने बताया कि छात्र ने अपनी मेहनत और लगन से इस मॉडल को तैयार किया है, जो अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा बनेगा।
वहीं शिक्षक प्रमोद सिंह ने कहा कि यह स्पष्ट रूप से दर्शाता है कि व्यावसायिक शिक्षा स्कूल में पढ़ रहे बच्चों के लिए सार्थक सिद्ध हो रही है। पढ़ाई के साथ-साथ विद्यार्थी व्यावहारिक रूप से भी सक्षम बन रहे हैं। विद्यालय स्टाफ एवं शिक्षक युद्धबीर, नरदेव सिंह, पंकज, नीतू शर्मा, मनजीत कौर और पूजा चौधरी ने भी छात्र की इस उपलब्धि की सराहना की। क्षेत्रवासियों ने लक्ष्मण के प्रयास को सराहा और उम्मीद जताई कि भविष्य में वह अपने क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल करेगा।
