नूरपुर पुलिस की कार्रवाई, महिला से 12.76 ग्राम चिट्टा बरामद; आरोपी गिरफ्तार
पुलिस जिला नूरपुर की CIA टीम ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत डमटाल क्षेत्र के अंतर्गत गाँव छन्नी में एक घर पर दबिश देकर 12.76 ग्राम हेरोइन बरामद करने में सफलता हासिल की है। इस मामले में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार CIA नूरपुर की टीम डमटाल क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी कर रही थी। इसी दौरान NDPS अधिनियम की धारा 41(2) के तहत प्राप्त वारंट के आधार पर गाँव छन्नी स्थित एक घर की तलाशी ली गई। तलाशी की कार्रवाई नियमानुसार गवाहों की मौजूदगी में की गई।
तलाशी के दौरान घर के एक कमरे में रखे फूलदान के अंदर से 12.76 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी महिला की पहचान बबली (29), पत्नी सुरिंदर उर्फ झांडी, निवासी गाँव छन्नी, तहसील इंदौरा, जिला कांगड़ा के रूप में की है। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में पुलिस थाना डमटाल में NDPS अधिनियम की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस मादक पदार्थ की तस्करी में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
