सोलन : योजनाओं को पारदर्शिता के साथ समयबद्ध पूरा करें अधिकारी : रमेश ठाकुर
जिला परिषद की त्रैमासिक बैठक आज जिला परिषद भवन सोलन में अध्यक्ष जिला परिषद रमेश ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में गत बैठक की कार्रवाई की अभिपुष्टि, जिला परिषद सदस्यों से प्राप्त नए मदों, आय-व्यय, बजट 2022-23 व 15वें वित्तायोग के अंतर्गत जारी राशि की प्रगति की समीक्षा की गई।
इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष रमेश ठाकुर ने कहा कि अधिकारी जिला परिषद सदस्यों द्वारा दिए गए मदों को पारदर्शिता के साथ समयबद्ध पूरा करना सुनिश्चित करें ताकि इन परियोजनाओं का लाभ आम व्यक्ति को समय पर मिल सके।
उन्होंने जिला परिषद सदस्यों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आग्रह किया कि विकास कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के लिए आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य करें ताकि लम्बित पड़े विकास कार्यों को शीघ्र पूर्ण किया जा सके। उन्होंने सभी विकास खण्ड अधिकारियों से आग्रह किया कि वे जिला परिषद के सदस्यों के साथ आपसी तालमेल स्थापित कर कार्यों को गति प्रदान कर निर्धारित लक्ष्य को समय पर पूर्ण करें।
उन्होंने हिमाचल पथ परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबन्धक को निर्देश दिए कि ठारूगढ़-चन्द्राणी-परवाणु बस सेवा शुरू करें ताकि विशेषकर महिलाओं को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को ग्राम पंचायत कालुझिण्डा के गांव कटीवाला में पेयजल योजना को शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए ताकि क्षेत्र के लोगों को पर्याप्त मात्रा में पेयजल की सुविधा उपलब्ध हो सके। इसके अतिरिक्त उन्होंने जि़ला के समस्त विकास खण्ड अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जि़ला परिषद के सदस्यों द्वारा उठाई गई मांगों को समय पर शैल्फ डलवाकर कार्य को पूर्ण करना सुनिश्चित करें। इस अवसर पर जिला परिषद उपाध्यक्षा कमलेश पंवर, जिला परिषद सोलन के सदस्यगण, खण्ड विकास अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी बैठक में उपस्थित थे।
