कांगड़ा : राष्ट्रीय बालिका दिवस के उपलक्ष्य पर उपमंडल कांगड़ा में निकाली रैली
तिलक राज। कांगड़ा
पूरे भारतवर्ष में 24 जनवरी काे राष्ट्रीय बालिका दिवस के रूप में मनाया जाता है। भारतवर्ष में राष्ट्रीय बालिका दिवस के उपलक्ष्य पर अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसी क्रम में उपमंडल कांगड़ा में भी राष्ट्रीय बालिका दिवस के इस महत्वपूर्ण दिन को धूमधाम से मनाया गया। संयुक्त कार्यालय भवन कांगड़ा से आज एसडीएम कांगड़ा नवीन तंवर की अध्यक्षता में महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों कर्मचारियों के साथ मिलकर एक रैली का आयोजन किया गया। रैली की शुरुआत एसडीएम कांगड़ा नवीन तंवर ने फ्लैग दिखाकर संयुक्त कार्यालय भवन कांगड़ा से की और इस रैली को कांगड़ा शहर में निकाला गया, जिसमें आंगनबाड़ी सुपरवाइजर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा आशा वर्कर ने भाग लिया।
एसडीएम कांगड़ा ने बताया कि रैली निकालने का उद्देश्य लोगों को बेटियों के अधिकारों के प्रति जागरूक करना है, जिससे लोग बेटियों की शिक्षा, स्वास्थ्य, तथा पोषण की महत्वता को समझें। उन्होंने कहा किसी भी समाज और देश के विकास के लिए देश की बेटियों का चौमुखी विकास होना बहुत जरूरी है। क्योंकि बिना बेटियों के योगदान के किसी भी देश का विकास संभव नहीं हो सकता। आज की इस रैली में एसडीएम कांगड़ा सहित सीडीपीओ कांगड़ा वंदना कटोच, आंगनबाड़ी सुपरवाइजर आशा, तृप्ता, अनीता, बाला और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुनीता, अंजना, रचना, सरला, सुमन, कंचन, संदला और निशा आदि ने भाग लिया।
