किन्नौर: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर डैजर्ट हीलर नाम से प्रसिद्ध ए.डी. नेगी को दी गई श्रद्धांजली
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर डैजर्ट हीलर नाम से प्रसिद्ध ए.डी. नेगी को प्रशासन द्वारा आज अलग तरीके से श्रद्धांजली दी गई। प्रशासन द्वारा आज उनके नाम पर पूह में देवदार के 108 पौधे रोपे गए जिसमें स्थानीय प्रशासन से अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी अश्वनी कुमार सहित अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों ने भाग लिया। उल्लेखनीय है कि स्वर्गीय ए.डी. नेगी का गत माह निधन हो गया था। एडी.नेगी का किन्नौर जिला के पूह से लगभग 50 किलोमीटर दूर शीत मरूस्थल के दूर-दराज क्षेत्र थंग करमा को हरा-भरा करने में अहम योगदान रहा है। उन्होंने पूह उपमण्डल के थंग करमा में विकट मौसम परिस्थितियों के बावजूद हरित क्रांति लाकर क्षेत्र को हरा-भरा किया था और लगभग 65 हैक्टेयर क्षेत्र में रूबीनीया, विलो, पाॅपलर, चूली व अन्य लगभग 35 हजार से अधिक फलदार पौधे उगाए। इसके अलावा उन्होंने मटर, राजमाह, सेब व घास आदि की खेती कर क्षेत्र को हरा-भरा किया था।
प्रशासन द्वारा आज उन द्वारा किए गए कार्यों को याद किया गया तथा उनकी याद में 108 देवदार के पौधे लगाए। अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी अश्वनी कुमार के प्रयासों से स्वर्गीय आनंद ध्वज नेगी के नाम पर पूह स्थित मिनी सचिवालय के सम्मेलन कक्ष में एक पुस्तकालय को भी आरंभ किया गया है। जिसके लिए आज स्वर्गीय नेगी के छोटे भाई जगननाथ नेगी ने 50 हजार रुपये का अंशदान दिया। अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी ने सभी से आग्रह किया है कि पुस्तकालय के लिए वे अपने सामथ्र्य के अनुसार पुस्तकें दान करें। इसके अलावा आज जिले में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिले के कई गांव व पंचायतों द्वारा भी स्वर्गीय ए.डी. नेगी की याद में पौधारोपण किया गया। प्रशासन द्वारा हर पंचायत को 4-4 पौधे रोपने के लिए दिए गए थे। ग्राम पंचायत कानम, ठंगी, रोपा, थेमगरंग, लाबरंग सहित जिले की अनेक पंचायतों में भी विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर डैजर्ट हीलर श्री ए.डी. नेगी को पौधारोपण कर श्रदांजली दी गई।