ऊना : पुलिस भर्ती मामले में एक हिरासत में, 5 दिन का पुलिस रिमांड
ममता भनोट। ऊना
हिमाचल प्रदेश में पुलिस भर्ती परीक्षा का प्रश्न पत्र लीक होने के मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए जिला ऊना पुलिस की टीम ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। राहुल निवासी भवानीगढ़ हरियाणा को पुलिस ने पेपर लीक मामले की कड़ी को जोड़ते हुए गिरफ्तार किया है। इस आरोपी की पुलिस को काफी समय से तलाश थी, लेकिन यह छुपा हुआ था। अब पुलिस ने इसे हिमाचल से ही हिरासत में लिया है। न्यायालय में इसे पेश किया गया, जहां 5 दिन का रिमांड राहुल का पुलिस को दिया गया है। पुलिस अब यह पूछताछ करने का प्रयास करेगी कि आखिर इसकी भूमिका क्या रही है और कौन-कौन साथी इसके साथ पेपर लीक मामले में रहे हैं, ताकि उनकी भी धरपकड़ की जा सके। एएसपी ऊना प्रवीण कुमार ने कहा कि पुलिस ने राहुल को गिरफ्तार किया है। पुलिस भर्ती पेपर लीक मामले में इसका कनेक्शन है। इसने अपने कुछ साथियों के साथ से अभ्यर्थियों को पेपर दिया था। 5 दिन का पुलिस रिमांड है, इसमें पूछताछ करके आगे की कार्रवाई की जाएगी।