चंबा : शिक्षित व्यक्ति ही अपने क्षेत्र के विकास में निभाता है महत्वपूर्ण भूमिका
किशाेर गुप्ता। चंबा
शिक्षा का जीवन में अहम स्थान है और शिक्षित व्यक्ति ही अपने क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। चंबा विधानसभा क्षेत्र से चम्बा सदर से उतरे कांग्रेस प्रत्याशी नीरज नैय्यर बीकॉम पास हैं। उन्होंने मेओ कॉलेज अजमेर से जमा दो तक की पढ़ाई पूरी की है। इसके बाद डीएवी कॉलेज चंडीगढ़ में बीकॉम में दाखिला लिया। दो वर्ष यहां पढ़ाई करने के बाद वह चंबा आ गए और चंबा कॉलेज से बीकॉम पूरी की। कांग्रेस जिला प्रवक्ता जगदीश हांडा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष करतार ङ्क्षसह ठाकुर, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष अंजु कुमारी तथा ब्लॉक अध्यक्ष भावना गुलाटी ने बताया कि नीरज नैय्यर उच्च शिक्षित होने के साथ-साथ ईमानदार व स्वच्छ छवि के इनसान हैं।
वह पिछले 20 वर्षों से समाजसेवा के कार्यों से जुड़े रहे। उनके स्वभाव व सादगी के लोग कायल हैं। एनएसयूआई, युवा कांग्रेस व कांग्रेस के विभिन्न पदों पर आसीन रहे। राजनीति में लंबा अनुभव होने के साथ-साथ चंबा की समस्याओं से भली-भांति परिचित हैं और हर मंच से लोगों की समस्याओं को उठाते भी रहे हैं। चंबा की जनता का उन्हें बहुत प्यार मिलता रहा है और इस बार वह उन्हें विधानसभा पहुंचाने के लिए आतुर हैं। नीरज नैय्यर ने बताया कि उन्होंने चंबा के विकास के लिए पूरा रोडमैप तैयार कर लिया है। जनता के आशीर्वाद से वह चंबा को विकास की बुलंदियों तक पहुंचाने के लिए तैयार हैं।