हिमाचल से उद्योगों के पलायन के विपक्ष के आरोप निराधार : हर्षवर्धन चौहान
** बोले, उद्योगों के लिए प्राथमिकता से काम कर रही वर्तमान सरकार
** दुबई में 2800 करोड़ और मुंबई में 3000 करोड़ के एमओयू किए साइन
बजट सत्र के आठवें दिन विपक्ष के विधायकों ने हिमाचल से उद्योगों के पलायन को लेकर कांग्रे सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला। वहीं, विपक्ष के आरोपों पर पलटवार करते हुए उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि भाजपा द्वारा लगाए जा रहे सभी आरोप निराधार हैं।
उद्योग मंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश से उद्योगों के पलायन की बात सरासर गलत है। प्रदेश की वर्तमान सरकार उद्योगों के लिए निरंतर काम कर रही है। इस दौरान उन्होंने फार्मा उद्योगों से जुड़े एमओयू साइन करने की बात भी कही। उन्होंने दुबई दौरे का भी जिक्र किया और कहा कि दुबई में 2800 करोड़ के एमओयू साइन किए गए हैं। इसके अलावा मुंबई में हुई फार्मा सबमिट में भी वे हिमाचल का पक्ष रखने पहुंचे थे, जिसमें 3000 करोड़ के एमओयू साइन किए गए।
वहीं, स्क्रैप पॉलिसी को लेकर उद्योग मंत्री ने कहा कि विभाग ने स्क्रैप पॉलिसी बनाकर 2 महीने पहले ही मुख्य सचिव को भेज दी है। अब यह पॉलिसी कैबिनेट में जाएगी, जहां से मंजूरी मिलने के बाद इसे अमल में लाया जाएगा।