दाड़लाघाट : कशलोग स्कूल में न्यू एजुकेशन पॉलिसी-2020 पर किया मेला का आयोजन
मनाेज शर्मा। दाड़लाघाट
राजकीय उच्च पाठशाला कशलोग में न्यू एजुकेशन पॉलिसी-2020 मेला का आयोजन मुख्याध्यापिका रेखा राठौर की अध्यक्षता में किया गया। इस दौरान उन्होंने न्यू एजुकेशन पॉलिसी के बारे में माता पिता व उपस्थित अभिभावकों को 5+3+3+4 की जानकारी दी, जिसमें तकनीकी ज्ञान व व्यवसायिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। 3 वर्ष का बच्चा स्कूल से जुड़ जाएगा। बच्चे अब रटने की प्रथा को छोड़कर समझ कर पढ़ना सीखेंगे। इस पॉलिसी के अहम बिंदुओं पर चर्चा की गई। जैसे: फाउंडेशन स्तर: जो 3 से 8 वर्ष के बच्चों के लिए होगा, ताकि बच्चे का सही शारीरिक और मानसिक हो सके। इसलिए इस दौरान इन बच्चों की कोई परीक्षा नहीं होगी। प्रिपेरेटरी स्तर जो 8 से 11 वर्ष के बच्चों के लिए होगा। इस काल में बच्चों को मातृभाषा, स्थानीय भाषा में पढ़ाया जाएगा। क्योंकि अपनी भाषा में ज्ञान अर्जित करना सरल व रोचक है। अब बच्चों की परीक्षा का दौर शुरू होगा।
बच्चों को संख्यात्मक ज्ञान व भाषा का ज्ञान करवाया जाएगा। मिडिल स्तर: 11 से 14 वर्ष के बच्चों के लिए होगा। इस काल में बच्चों को कंप्यूटर शिक्षा भी दी जाएगी। किसी एक क्षेत्रीय भाषा का ज्ञान भी दिया जाएगा। सेकेंडरी स्तर :15 से18 वर्ष के बच्चों के लिए होगा। इस काल में बच्चे किसी भी स्ट्रीम जैसे साइंस, कॉमर्स या आर्ट्स को चुन सकते हैं। वे इस पॉलिसी के तहत तीनों स्ट्रीमों का चुनाव एक साथ भी कर सकते हैं। इसी तरह कॉलेज की पढ़ाई का प्रारूप भी बदल जाएगा। इस अवसर पर सेवानिवृत प्रशिक्षित कला अध्यापक देव राज सुशील ने भी न्यू एजुकेशन पॉलिसी पर अपने बहुमूल्य विचार रखे। एसएमसी प्रधान कांता देवी ने भी न्यू एजुकेशन पॉलिसी को बहुत बेहतर बताया। इस अवसर पर एसएमसी सदस्य देव राज, सुशील सहित समस्त अध्यापक, एमडीएम कर्मचारी व चतुर्थ कर्मचारी मौजूद रहे।
