दाड़लाघाट : पंचायत भवन दाड़ला में किया जागरूकता शिविर का आयोजन
मनाेज शर्मा। दाड़लाघाट
दाड़लाघाट में श्रम विभाग सोलन की तरफ से पंचायत भवन दाड़ला में जागरूकता शिविर का आयोजन किया। शिविर में लेबर इंस्पेक्टर सोलन संतराम वर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे। शिविर में विभाग की ओर से चलाई गई विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन योजना के तहत असंगठित क्षेत्र के कामगारों का लोकमित्र केंद्राें में निःशुल्क पंजीकरण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पंजीकरण के लिए आधार कार्ड, बचत बैंक खाता, जनधन खाता एवं मोबाइल नंबर होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि योजना के अंतर्गत घरेलू कामगार, बोझ उठाने वाले, भट्टे पर काम करने वाले, मोची, कचरा उठाने वाले, धोबी, फेरी वाले, कृषक कामगार, भवन एवं निर्माण, हस्तकला, हथकरघा, चर्म, ऑडियो एवं वीडियो कार्य, मिड-डे-मील कार्यकर्ता, स्वरोजगार एवं मनरेगा व अन्य व्यवसाय में सम्मिलत व्यक्ति पात्र हैं।
योजना के अंतर्गत ईएसआई, ईपीएफ एवं आयकर दाता व पेंशन धारी पात्र नहीं हैं। योजना के तहत न्यूनतम मासिक अंशदान 55 रुपए तथा अधिकतम मासिक अशंदान 200 रुपए निर्धारित किया गया है। मासिक अंशदान का बराबर भाग केंद्र सरकार द्वारा वहन किया जाएगा। लेबर इंस्पेक्टर सोलन संत राम वर्मा ने ई-श्रम पोर्टल में पंजीकरण के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मनरेगा या किसी भी कार्य क्षेत्र में 90 दिन तक रोजगार प्राप्त करने वाले कामगार इस बोर्ड में अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। बोर्ड में पंजीकृत कामगारों के उत्थान के लिए कई सुविधाएं प्रदान की गई हैं, जिनका लाभ उठाकर कामगार अपनी मृत्यु होने के बाद भी अपने आश्रितों को पहुंचा सकते हैं। उन्होंने कहा कि कामगारों के दो बच्चों की शादी के लिए 51-51 हजार रुपए, बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए 50 हजार,साधारण मृत्यु होने पर दो लाख और दुर्घटना मृत्यु पर चार लाख की सहायता राशि का प्रावधान है।
इसके अलावा पंजीकृत कामगारों के बच्चों की पढ़ाई के लिए 700 रुपए प्रति माह छात्रवृत्ति की भी व्यवस्था है। उन्होंने सभी पात्र कामगार से योजना का लाभ उठाने के लिए पोर्टल पर पंजीकरण करवाने की अपील की है। इस अवसर पर पंचायत प्रधान बंसी राम भाटिया, उपप्रधान व्यापार मंडल दाड़ला हेमराज गौतम, पंचायत सचिव धनीराम, पंचायत सदस्य ललित गौतम, उमेश, अमर देई, पिंकी, विमला, अनुराधा, कांता, सीएससी ऑपरेटर गोपाल शर्मा व रविंद्र ठाकुर, भरत गौतम, मोनू, दीपक गजपति, घन श्याम, प्रवेश, भगतराम, रमेश कुमार व पवन शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।
