अर्की: पंचायत की कार्यप्रणाली पर लगाए आरोपों का पंचायत प्रधान ने किया खंडन
अर्की। उपमंडल की ग्राम पंचायत पलोग की कार्यप्रणाली पर सोशल मीडिया में लगाए गए सवालिया निशान को लेकर पंचायत लामबंद हो गई है। मामला पंचायत के गांव घ्याणा का है जहां के एक अस्सी वर्षीय बुजुर्ग व्यक्ति ईश्वर दत्त अपने पुत्रों की मौत के बाद अकेले रह रहे हैं। सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर पंचायत पर सवालिया निशान लगाते हुए कहा गया है कि पंचायत की लापरवाही के चलते बुजुर्ग को सरकारी राशन बिजली सुविधा व अन्य लाभ नहीं मिल पा रहे हैं। इस मामले को पंचायत द्धारा एक पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया जिसमें पंचायत प्रधान ने सोशल मीडिया में जो पंचायत की कार्यप्रणाली को लेकर आक्षेप लगाए हैं उनका खंडन किया।
पंचायत की ओर से आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रधान योगेश चौहान ने कहा कि ईश्वर दत्त को पंचायत द्धारा सरकारी योजनाओं के अधिकतर लाभ मुहैया करवाए गए हैं। उन्होने बताया कि वर्ष 2018 में ईश्वर दत्त को पंचायत द्धारा वृद्धावस्था पैंशन लगाई गई तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान बनाने के लिए पंचायत में प्रस्ताव पारित किया गया। इसके अलावा ईश्वर दत्त को वर्ष 2019 में किसान सम्मान निधि का लाभ आंरभ करवाया गया जिसकी पांच किश्तें उक्त व्यक्ति ले चुका है। पंचायत प्रधान योगेश ने उक्त व्यक्ति के घर में जो गत दिनों बिजली कनैक्शन को लेकर पंचायत की कार्यशैली पर उंगलियां उठाई गई हैं वह निराधार हैं क्योंकि ग्राम पंचायत ने दिसंबर 2019 मे विद्युत विभाग को ईश्वर दत्त के घर पर बिजली पहुंचाने के लिए खंबा लगाने के लिए प्रस्ताव पारित कर विभाग केा भेज दिया गया था। परंतु कोरोना काल के चलते यंह कार्य लंबित हो गया था। यही नहीं आगामी होने वाली ग्राम सभा में ईश्वर दत्त का नाम बीपीएल में डालने का पंचायत द्धारा निर्णय लिया गया है क्योंकि उन्होने इसके लिए इससे पूर्व कभी आवेदन नहीं किया था।
प्रधान व अन्य प्रतिनिधियों ने रोष प्रकट करते हुए कहा कि पंचायत के कुछ लोग सोशल मीडिया में गलत जानकारी डाल कर पंचायत की छवि धूमिल कर रहे हैं जोकि निंदनीय है। पंचायत प्रधान ने कहा कि पंचायत की छवि खराब करने पर पंचायत की ओर से कानूनी कार्यवाही पर भी विचार किया जा रहा है। इस अवसर पर उपप्रधान भूपचंद शर्मा, वार्ड सदस्य पूजा शर्मा तथा सचिव संदीप कुमार तथा पँचायत कार्यकारिणी के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
