दाड़लाघाट में चुनावी सरगर्मी तेज, नए युवा प्रत्याशी उभर कर आ रहे सामने
पंचायत चुनाव का बिगुल बजने के बाद से चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। नए नए युवा प्रत्याशी उभर कर सामने आ रहे हैं। कई पंचायतों में तो प्रत्याशियों की भारी भीड़ जुट गई है। प्रत्याशियों की भीड़ देख कर सोशल मीडया पर भी इसको लेकर खूब व्यंग हो रहा है। इस चुनावी समर के बीच कुछ पहली बार अपना भाग्य आजमा रहे है, तो कई पुराने सत्ता से बेदखल लोग फिर से अपनी खोई हुई राजनीतिक जमीन तलाश रहे है। पुराने प्रत्याशी जनता को विकास के सब्जबाग दिखाकर उनकी नाड़ी टटोलने में लग गए हैं। जनता के हाव भाव जानने के बाद वोटों की जोड़ तोड़ के समीकरण भी तैयार गए है। विकास के साथ-साथ नैतिक मूल्यों पर चुनाव लड़ने वाले कम ही दिख रहे हैं। सभी प्रत्याशी चुनाव की घोषणा होने के बाद से अपने अपने कुनबे को एकजुट करने में लगे हैं। जनता की नब्ज टटोलने के लिए प्रत्याशियों ने बैठकों और नुक्कड़ सभाओं का दौर तेज कर रखा है। प्रत्याशियों का मानना है कि पहले घर ठीक होना चाहिए उसके बाद ही बाहर का सोचा जा सकता है।
जिला परिषद वार्ड दाड़लाघाट के तहत आने वाली 17 पंचायतों में प्रधान और उप प्रधान पद के लिए निर्विरोध प्रतयाशी की संभावना दूर-दूर तक कहीं नही दिख रही है। हर जगह पांच से सात प्रत्याशी मैंदान में कूदने को आतुर है। दाड़लाघाट पंचायत की बात करें तो यहां प्रधान व उप प्रधान पद के लिए इस बार पांच से सात लोगों के मैदान में उतरने की सम्भावना है। दाड़लाघाट से अलग हुई रोड़ी पंचायत में प्रधान पद सामान्य महिला लिए आरक्षित है लिहाजा यहां पर अभी तक दो महिलाओ के नाम सामने आए है। बरायली पंचायत में चार से पांच लोगों ने अभी तक प्रधान व उप प्रधान के लिए अपनी दावेदारी पेश की है। सूरजपुर पंचायत में भी प्रधान व उप प्रधान पद के लिए तीन से चार प्रत्याशियों के मैदान में उतरने की संभावना जताई जा रही है। पंचायत चुनावों में इतनी भीड़ भाड़ देख कर लोग सोशल मीडिया पर चुटकी ले रहे है कि इतनी भीड़ तो पटवारी की परीक्षा में भी नहीं दिखी थी जितनी पंचायत चुनावों में इस बार देखने को मिल रही है।
