पांवटा साहिब: राज्यपाल ने विद्यार्थियों के समग्र विकास पर दिया बल
सिरमौर जिले के पांवटा साहिब में डिवाइन विजडम स्कूल माजरा के वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इसमें राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने कहा कि हमें अपने बच्चों की योग्यता और रुचि को ध्यान में रखते हुए उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करने चाहिए। उन्होंने कहा कि हमें बच्चों पर अनावश्यक दबाव नहीं डालना चाहिए।
राज्यपाल ने कहा कि हिमाचल को देवभूमि के नाम से जाना जाता है और देवभूमि में चल रहा नशे का कारोबार चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि अकेले पुलिस प्रशासन नशे को समाप्त नहीं कर सकता, इसके लिए हम सभी को जागरूक होने की जरूरत है। इस अवसर पर राज्यपाल ने विद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार भी प्रदान किये। डिवाइन विजडम स्कूल के अध्यक्ष नीरज गोयल ने राज्यपाल का स्वागत किया। डिवाइन विजडम स्कूल की प्रिंसिपल मीनाक्षी मल्होत्रा ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर पावंटा साहिब के विधायक सुख राम चौधरी, हिमाचल प्रदेश विधान सभा के पूर्व अध्यक्ष राजीव बिंदल, हिम उत्कर्ष जिला सिरमौर के अध्यक्ष आर.के. तिवारी, लाला आत्मा राम मेमोरियल सोसायटी डिवाइन विजडम स्कूल के अध्यक्ष विजेश गोयल, पुलिस अधीक्षक रमन कुमार मीना और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।
