कुनिहार : पेंशनर्ज कल्याण संगठन सायरी ने मनाया अपना 17वां स्थापना दिवस
रंजीत ठाकुर । कुनिहार
पेंशनर्ज कल्याण संगठन सायरी ने अपना 17वां स्थापना दिवस बड़ी धूमधाम के साथ मनाया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष पेंशनर्ज एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संगठन सोलन एवं राज्य कार्यकारणी के मुख्य सलाहकार केडी शर्मा बतौर मुख्यातिथि उपस्थित हुए। बताया जा रहा है कि समारोह की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ कि गई। कार्यक्रम में दिवंगत पेंशनरों की आत्मा शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। आयोजकों ने मुख्यातिथि को शॉल टोपी देकर सम्मानित किया। केडी शर्मा ने अपने संबाेधन में सायरी यूनिट को स्थापना दिवस की बधाई दी।
उन्होंने पेंशनरों की मांगों के संदर्भ में कहा कि प्रदेशाध्यक्ष आत्माराम शर्मा सहित कोर कमेटी के अन्य सदस्यों को मुख्यमंत्री द्वारा वार्तालाप के लिए बुलाया गया था, जिसके चलते धरना प्रदर्शन को स्थगित किया गया है। उनका कहना है कि जनवरी माह में प्रदेश के पेंशनर्ज और कर्मचारियों को जनवरी 2016 से एरियर के भुगतान की घोषणा की गई थी, जिसे एक मुश्त देने की मांग की गई है। इसके अलावा अन्य वितीय लाभ पंजाब की तर्ज पर देने की मांग की गई है। यह जानकारी डीडी कश्यप संगठन जिला मीडिया प्रभारी ने दी।
