2 दिन तक HRTC की बस खड़ी रहने से लोगों में रोष
सरकार द्वारा घोषित पांच दिवसीय सप्ताह आम जनता को सरकार द्वारा दी जाने वाली सुविधाओं पर भारी पड़ रहा है। ग्राम पंचायत घणागुघाट के विनोद, सामाजिक कार्यकर्ता, बालकृष्ण, बीडीसी मेंबर हीरा पाल, महिला मंडल प्रधान कांता देवी, जमुना, रतन चंद उप प्रधान, संतराम जितेंद्र, गोपाल, हीरा देवी, गीता देवी इत्यादि लोगों का कहना है कि शिमला से चलने वाली बपड़ोन बस पहले रविवार के दिन बपड़ोन में ही खड़ी रहती थी लेकिन अब पांच दिवसीय सप्ताह होने के कारण 2 दिन बस यहीं खड़ी रहती है और आम जनता सरकार द्वारा मिलने वाली इस सुविधा से वंचित रहती है। उनका कहना है कि या तो इस बस को रोज अपने रूट पर चलाया जाए या किसी अन्य रूट की बस को गांव के इन अंदर वाले छोटे रूटों पर जैसे पिपलूघाट से गुजरने वाली बसों को वाया ध्यानपुर चलाया जाए, ताकि इस पंचायत के लोगों को प्रतिदिन सरकार द्वारा मिलने वाली यह सुविधा प्राप्त हो सके। इन लोगों ने सरकार से रोज बस सुविधा प्रदान करने की गुहार लगाई है।
पंचायत प्रधान धनीराम रघुवंशी ने बताया कि इस क्षेत्र के लोगों की यह मांग बिल्कुल जायज है। पहले लोग रविवार के दिन बस न होने से परेशान रहते थे और अब 2 दिन परेशान रहते हैं। लोगों को प्रतिदिन बस सुविधा मिलनी चाहिए।
