दाड़लाघाट में 2 दिन में काटे गए 16000 रुपए के चालान
दाड़लाघाट पुलिस ने एसएचओ जीत सिंह की अगुवाई में बढ़ते कोरोना मामले तथा लोगों की इसके प्रति ढिलाई को देखते हुए बिना मास्क पहने लोगों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। बाजार में बिना मास्क के लोगों को रोक कर उनके चालान काटे जा रहे हैं। पिछले 2 दिनों में पुलिस ने लगभग 16000 रुपए के चालान काट कर लोगों को मास्क पहनने की नसीहत दी है। पुलिस का मानना है कि बाजार में देखें तो यही लगता है कि लोगों को कोरोना का बिलकुल भी भय नहीं है। लोगों को जागरूक करने के लिए पुलिस ने कुछ दिन पहले अंबुजा के सौजन्य से बिना मास्क वालों को रोको और टोको कार्यक्रम भी चलाया था ताकि लोग इस संक्रमण से होने वाली परेशानियों को समझ सके। लेकिन बाजार की भीड़ हो या किसी शादी में लोगों का जमघट हो लोग मास्क पहनने में बिल्कुल भी रुचि नहीं ले रहे हैं।
एसएचओ दाड़लाघाट जीत सिंह ने बताया कि बाजार की भीड़ में बिना मास्क पहने लोगों का 1000 रुपए का चालान काटा जा रहा है, जबकि शादी समारोह में बिना मास्क पहने लोगों का 1000 रुपए का चालान तथा जिसके घर में शादी समारोह है। यह सारी जिम्मेवारी उसकी होगी कि वह सुनिश्चित करें की समारोह में आए मेहमानों द्वारा सरकार द्वारा दी गई हिदायतों का पालन किया जा रहा है। वरना उसका भी 5000 रुपए तक का चालान काटा जा सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि लोग इस संक्रमण की भयावहता को समझें और भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में सरकार की हिदायतों का पालन करते हुए मास्क अवश्य पहनें। उनका ध्येय चालान काटना नहीं है उनका ध्येय तो केवल लोगों को कोविड-19 के संक्रमण के प्रति लोगों को सचेत करना है।उन्होंने साफ तौर पर कहा कि भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में बिना मास्क पहने लोगों को कतई भी बख्शा नहीं जाएगा। डीएसपी दाड़लाघाट प्रताप सिंह ने पुष्टि करते हुए कहा कि बिना मास्क वाले लोगों के चालान भविष्य में भी काटे जाएंगे।
