कुनिहार : क्षेत्र के मंदिरों व शिवालयों में उमड़ा आस्था का जन सैलाब
रंजीत सिंह। कुनिहार
शिव तांडव गुफा कुनिहार, शिव मंदिर तालाब, शिव मंजिर राजदरबार व शिव मंदिर हरिपुर में सुबह से ही भक्त शिवलिंग पर जल, दूध, गंगाजल का अभिषेक करने पहुंचने शुरू हो गए। प्राचीन शिव तांडव गुफा कुनिहार में तो शिव भक्त सुबह चार बजे से ही गुफा में विराजमान प्राकृतिक शिवलिंग के दर्शनों को आने लग गए थे। दोपहर होते होते लंबी-लंबी भक्तों की लाइनें लग गई व इतना जन सैलाब उमड़ा की कई कई घंटाें के इंतजार के बाद शिवलिंग के दर्शन हुए। गौर रहे कि इस विख्यात गुफा में प्रदेश व बाहरी प्रदेशों से भी लोग दर्शनों को पहुंचते हैं।
गुफा समिति ने भक्तों की सुविधा के लिए अच्छे इंतजाम किए हुए थे, तो वहीं, समिति व शंभू परिवार की ओर से श्रद्धालुओं के लिए गाजर का हलवा व फलाहार के स्टॉल लगा रखे थे। गुफा में लगातार भजन-कीर्तन का आनंद भी भक्त ले रहे थे। समिति अध्यक्ष राम रतन तनवर ने बताया कि सुबह 4 बजे से लोग आने शुरू हो गए थे व दोपहर तक हजारों श्रद्धालु गुफा में शीश नवा चुके हैं और सैकड़ों श्रद्धालु अभी भी कतारों में लगे हुए हैं। उन्होंने बताया कि कल क्षेत्र वासियों के लिए विशाल भंडारे का आयोजन समिति व शम्भू परिवार की तरफ से रखा गया है। जिसमें सभी से आने की अपील की गई है।
