पाइनग्रोव स्कूल ने मनाया ऑनलाइन वार्षिक समारोह, डॉ सैजल रहे मुख्यातिथि
पाइनग्रोव स्कूल ने अपना 29वां वार्षिक उत्सव बड़ी धूम-धाम से मनाया। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा हस्तशिल्प कला की प्रदर्शनी एवं संगीत गायन, अध्यापक विक्रम और वंदना शर्मा ने विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ भारतीय शास्त्रीय नृत्य की सराहनीय प्रस्तुति दी। इस वर्ष कोरोना महामारी के कारण पाइनग्रोव स्कूल के अध्यापक और अध्यापिकाओं ने 'विटामिन एन देना न भूलें' पर एक लघु नाटिका प्रस्तुत की। लघु नाटिका में यह दर्शाया गया कि आजकल की युवा पीढ़ी को इन 'न' सुनने की आदत नहीं है तथा उनके व्यवहार और आदतों में कैसे सुधार लाया जा सकता है। वार्षिक रिपोर्ट में विद्यालय की गत वर्ष की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि विद्यालय प्रति वर्ष उन्नति की ओर अग्रसर है। कक्षा बारहवीं के छात्र प्रथम गुप्ता, लक्ष्य गुप्ता, शिव्या सरीन, आरसी बंसल, निशिता कुमार, जेस्सिका वाधवा, सशरीक गर्ग और प्रणव गुप्ता द्वारा वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी गई।
ज्ञात रहे कि इस वर्ष जब राष्ट्रीय लॉक डाउन हुआ था और सभी शिक्षण संस्थान बंद हो गए थे तब पाइनग्रोव स्कूल ने आवासीय छात्रों को उनके घर भेज दिया। परंतु सभी शिक्षकों ने अपनी कमर कस ली और विद्यालय के भीतर ही रहकर छात्रों को ऑनलाइन कक्षाएं देना प्रारंभ कर दीं। इसका परिणाम यह रहा कि समय रहते पाठ्यक्रम भी पूरा हो गया एवं छात्रों का कोई भी नुकसान नहीं हुआ। आलम यह रहा कि स्कूल ने छात्रों की तीन बार परीक्षाएं भी करवा ली और अब वार्षिक परीक्षाओं की तैयारी जोशो-खरोश से चल रही है जिससे न केवल छात्र बल्कि उनके अभिभावक भी गदगद हैं। कोरोना वायरस के चलते अध्यापकों द्वारा विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान करके स्कूल ने न केवल प्रदेश में बल्कि देशभर में एक अनूठी मिसाल पेश की है।
विद्यालय के वार्षिक उत्सव के अवसर पर मुख्य अतिथि के तौर पर स्वास्थ्य, परिवार कल्याण एवं आयुर्वेद मंत्री डॉ राजीव सैजल रहे। उन्होंने कहा कि विद्यालय द्वारा अल्प समय में देश भर में नाम कमाया है। विद्यालय के वार्षिकोत्सव पर सुचारू रूप से की गई ऑनलाइन व्यवस्था और कोविड के चलते पूरा प्रोग्राम ऑनलाइन किया गया। विभिन्न कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए स्कूल के छात्रों द्वारा किए गए कार्य की भी भरपूर प्रशंसा की गई।
