पाइनग्रोव स्कूल की अध्यापिका जमुना को मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित

पाइनग्रोव स्कूल धर्मपुर में विज्ञान अध्यापिका मिस जमुना सिंह को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह द्वारा सम्मानित किया गया। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह में हिमकोस्टे के तत्वावधान में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह के कर कमलों द्वारा 'राज्य पर्यावरण नेतृत्व' पुरस्कार प्रदान किए गए। यह पुरस्कार उन विशेष पात्र अध्यापकों/अध्यापिकाओं को दिया गया, जिन्होंने विद्यालय एवं समुदाय में पर्यावरण चेतना को बढ़ावा देने में असाधारण सफल प्रयास किए हैं।
हिमाचल प्रदेश के 15 शिक्षकों को 'अपशिष्ट प्रबंधन' के माध्यम से राष्ट्रीय हरित वाहिनी की दिशा में सतत प्रयासों के लिए सम्मानित किया गया। पिछले चार वर्षों से अपने सतत प्रयासों को 'अपशिष्ट प्रबंधन' के माध्यम से राष्ट्रीय हरित वाहिनी की दिशा में जारी रखते हुए मिस जमुना राज्य से 'अर्थियन' की सदस्य भी हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने कहा कि ऐसे शिक्षक हिमाचल प्रदेश की स्वच्छ, सुंदर, सक्षम, समृद्धि पर्यावरण यात्रा में सहयोगी हैं। उन्होंने पुरस्कार पाने वाले सभी पात्रों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। पाइनग्रोव स्कूल के कार्यकारी निदेशक कैप्टन एजे सिंह, प्रबंधन प्रमुख मिस समीक्षा सिंह, स्पेशल एजुकेटर मिस श्रिया, प्रधानाचार्य संजय चौहान, हेड एलीमेंट्री डॉ. किरण अत्री अन्य अधिकारियों एवं अध्यापकों नें भी मिस जमुना की इस उपलब्धि के लिए उन्हें बधाई दी।