शिमला : पीयूष शर्मा ने दूसरी बार प्रदेश के लिए जीता कांस्य पदक
शिमला के रहने वाले पीयूष शर्मा ने हाल ही में मध्य प्रदेश के इंदौर में 27-30 अप्रैल 2022 तक आयोजित राष्ट्रीय पैरा टेबल टेनिस चैंपियनशिप में भाग लिया। उन्होंने अपने गृह राज्य हिमाचल प्रदेश के लिए व्हीलचेयर श्रेणी में लगातार दूसरी बार कांस्य पदक जीता। वह लगातार दो बार पैरा टेबल टेनिस में पदक जीतने वाले राज्य के एकमात्र खिलाड़ी हैं। इस बार राष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल प्रदेश के 3 पैरा टेबल टेनिस खिलाडिय़ों की कुल भागीदारी रही। पीयूष एक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के व्हीलचेयर टेबल टेनिस खिलाड़ी हैं, जो शिमला से हैं। वह न केवल राष्ट्रीय स्तर पर अपने गृह राज्य हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हैं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के लिए भी खेलते हैं। पिछले वर्ष उन्होंने कांस्य पदक जीता था और पैरा टेबल टेनिस के अपने व्हीलचेयर श्रेणी में भारत को फिर से तीसरे स्थान पर बनाए रखा है। पीयूष ने शिमला के सेंट एडवर्ड स्कूल स शिक्षा और एनआईटी हमीरपुर से प्रौद्योगिकी में स्नातक और फिर प्लाक्षा विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर फेलोशिप की है। वर्तमान में वह बैंगलोर में बीसीजी के साथ एक प्रौद्योगिकी सलाहकार के रूप में काम करते हैं। उनका मत है कि जीवन में बाधाएं ही चुनौतियों को और भी रोचक बनाती हैं।पीयूष बताते हैं कि बुनियादी ढांचे और समर्थन की कमी के कारण भारत में पैरा स्पोट्र्स खेलना कितना चुनौतीपूर्ण है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री से राज्य में पैरा स्पोट्र्स के उत्थान पर ध्यान आकर्षित करने का आग्रह किया है ताकि अधिक से अधिक पैरा एथलीटों को पहाड़ों की कठोरता से बाहर निकलने में सक्षम बनाया जा सके। पीयूष ने कहा कि मेरा मकसद स्पोट्र्स कोटे से कोई नौकरी नहीं पाना है। मैं पैरा स्पोट्र्स खेलता हूं, क्योंकि मैं इसके लिए काफी जुनूनी हूं। मैं अपने बेहद व्यस्त काम और कई अन्य पहलों के साथ भी दो पदक जीतने में कामयाब रहा। मैं अपने मुख्यमंत्री से केवल यह अनुरोध करता हूं कि कृपया कम से कम मेरे पैरा टेबल टेनिस खेल के लिए अच्छी गुणवत्ता वाले स्पोट्र्स व्हीलचेयर, अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता वाले टेबल टेनिस उपकरण और अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के प्रायोजन के लिए मुझे समर्थन दिया जाए। उन्होंने अनुराग ठाकुर से भी अनुरोध किया है कि उनकी मांग पर विचार किया जाए।
