पांवटा साहिब में मनभावन यमुना, पावन यमुना, महोत्सव का लोक सभा सांसद सुरेश कश्यप ने किया शुभारंभ
लोक सभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने पांवटा साहिब में आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम के अंतर्गत यमुना नदी के संरक्षण के लिए मनभावन यमुना, पावन यमुना, महोत्सव का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। इस दौरान उनके साथ उपाध्यक्ष, राज्य खाद्य आपूर्ति निगम बलदेव सिंह तोमर बतौर विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे। सांसद ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गंगा नदी के प्रदूषण को रोकने और नदी को पुनर्जीवित करने के लिए नमामि गंगे नाम से एकीकृत गंगा संरक्षण मिशन शुरू किया। इसी प्रकार आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष में भारत की मुख्य नदियों के कायाकल्प करने की मुहिम शुरू की गई है। इस मुहिम के अंतर्गत हिमाचल में पांवटा में यमुना, चम्बा में रावी तथा मण्डी व कुल्लू में ब्यास नदी को स्वच्छ व संरक्षित कर नदी उत्सव मनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि नदियाँ जीवनदायिनी है, नदियों के किनारे मानव सभ्यता का जन्म हुआ है और मानव सभ्यता नदियों के आसपास फली-फूली और विकसित हुई है। इसलिए भी नदियों का संरक्षण अति आवश्यक है। नदियों पर लगाए गए बड़े-बड़े बांध व प्रोजेक्ट आज हमारी देश की आर्थिकी के लिए रीड की हड्डी साबित हो रहे है। सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि यह बड़े दुर्भाग्य का विषय है कि जिन नदियों को हमने मां का दर्जा दिया है, वह सारी नदियां आज प्रदूषित हो चुकी है। हम सभी को यह समझना होगा कि इन नदियों को साफ-स्वच्छ और संरक्षित रखना हमारी ही जिम्मेदारी है, यदि हम अपनी पीढ़ी को अच्छा भविष्य देना चाहते हैं तो इन नदियों का संरक्षण अति आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान पंचायत समिति अध्यक्ष हितेंद्र कुमार, नगर पालिका परिषद की अध्यक्षा निर्मल कौर, सुभाष चौधरी सचिव OBC मोर्चा हिमाचल प्रदेश, तहसीलदार वेद प्रकाश अग्निहोत्री, डी.एफ.ओ. वन विभाग कुनाल अंग्रिश, कार्यकारी अधिकारी खण्ड विकास अधिकारी रवि प्रकाश जोशी, राजेन्द्र तिवारी अध्यक्ष हिमोत्कर्ष सिरमौर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी/कर्मचारी एवं स्थानीय गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे ।