प्रधानमंत्री मोदी 2 फरवरी को भाजपा कार्यकर्ताओं से करेंगे संवाद, बजट पर करेंगे बात-सुरेश कश्यप

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार गरीब, वंचित, पीड़ित एवं किसानों के कल्याण के प्रति समर्पित है। कश्यप ने कहा कि आत्मनिर्भर अर्थव्यवस्था के साथ आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य की प्राप्ति की ओर देश अग्रसर है, हमारे लिए यह गर्व का विषय है कि प्रधानमंत्री प्रातः 11 बजे 2 फरवरी को आत्मनिर्भर अर्थव्यवस्था पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।प्रधानमंत्री मोदी 2 फरवरी को भाजपा वर्करों से संवाद व बजट पर बात करेंगे, वह आम बजट के 1 दिन बाद बजट की बारीकियां बताएंगे।
उन्होंने कहा कि कोविड वैश्विक महामारी के संकट के समय 12 मई को प्रधानमंत्री मोदी ने 20 लाख करोड़ रूपये के ऐतिहासिक आत्मनिर्भर भारत के पैकेज की घोषणा कर उस पर क्रियान्वयन करने का कार्य किया, जहां एक ओर गरीब, किसान, आम जनमानस को राहत देने का कार्य हुआ वहीं अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान हुई। उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के निर्देशानुसार आत्मनिर्भर अर्थव्यवस्था पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हम सब प्रदेश कार्यालय से जिला एवं मंडल स्तर पर उद्बोधन सुनेंगे।
इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, मंत्री, विधायक, भाजपा प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य मोर्चों के प्रदेश पदाधिकारी, कार्यसमिति सदस्य प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजक, सह संयोजक, विभाग एवं प्रकल्प के संयोजक एवं सह संयोजक भाग लेंगे। कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी एवं कार्यसमिति के सदस्य मोर्चों के जिले के पदाधिकारी तथा मंडल अध्यक्ष उपस्तिथ रहेंगे।