दाड़लाघाट पुलिस ने शादी समारोहों का किया औचक निरीक्षण
कोरोना के बढ़ते मामलों के मद्देनजर प्रदेश सरकार द्वारा शादी विवाह व अन्य समारोहों के संदर्भ में जारी दिशा-निर्देशों में पुलिस थाना दाड़लाघाट औचक निरीक्षण कर अनुपालना सुनिश्चित करवा रहा है। इस दौरान जहां कोविड के तहत तय व्यवस्था व 50 लोगों की शर्त की पड़ताल की गई वहीं जरूरी हिदायतें भी दी गई।
जानकारी के मुताबिक सोमवार को नवगांव पंचायत के गांव समलोह, हनुमान बड़ोग पंचायत के गांव डमलाणा, मानण, गन्धेवटा में शादी समारोह थे। इस दौरान पुलिस प्रशासन ने औचक निरीक्षण कर जायजा लिया। इस दौरान प्रशासन के लिए राहत भरा नजारा यह रहा कि समारोह स्थल पर न तो भीड़ भाड़ थी और आयोजक भी निर्धारित 50 लोगों की शर्त की कड़ाई से पालना कर रहे थे। इन समारोहों पर बाकायदा नजर रखने की जिम्मेदारी प्रशासन व पुलिस के अलावा प्रधान व सचिव को भी सौंपी गई है। विवाह समारोह की बाकायदा वीडियोग्राफी की जा रही है ताकि सरकार के जारी आदेशों की अवहेलना पाए जाने की सूरत में कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जा सके। एसएचओ दाड़लाघाट जीत सिंह ने कहा कि दाड़लाघाट के अंतर्गत सोमवार को विभिन्न क्षेत्रों में शादी समारोहों का निरीक्षण किया गया। उन्होंने बताया कि दाड़लाघाट सब उपमंडल में विभिन्न क्षेत्रों में शादी समारोह हुए, जिनकी उपमंडल प्रशासन से अनुमति प्राप्त की गई थी।
एसएचओ दाड़लाघाट जीत सिंह ने बताया कि सभी शादी समारोहों में उन्होंने स्वयं उनकी टीम में एएसआई मदन सिंह, कॉन्स्टेबल नरेंद्र राणा, चेतन, करमचंद द्वारा मौके पर जाकर कोविड-19 के अंतर्गत जारी दिशा-निर्देशों की अनु पालना बारे जांच पड़ताल की गई। उन्होंने बताया कि आज सभी शादी समारोहों में आयोजकों द्वारा कोविड-19 के दृष्टिगत नियमों का पालन किया गया था। एसएचओ जीत सिंह ने बताया कि प्रदेश सरकार व प्रशासन के आदेश के तहत अब महज 50 लोग ही शादी समारोह में शामिल हो सकेंगे, समारोह में तय लोगों से ज्यादा भीड़ जुटने पर प्रशासन कार्रवाई करेगा।
