पुलिस अपना काम कर रही, कांग्रेस का कोई लेना-देना नहीं : सुरेंद्र मनकोटिया
डाडासीबा में हाल ही में हुई हिंसक झड़प की कामगार बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष सुरिंदर मनकोटिया ने कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि यह घटना शराब ठेकेदारों और अवैध शराब विक्रेताओं के बीच हुई थी, जिसमें दोनों पक्षों ने पुलिस चौकी में जाकर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। पुलिस ने इस मामले में दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मनकोटिया ने मुख्यमंत्री के नशा कारोबारियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देशों का हवाला देते हुए कहा कि पुलिस अपना काम ईमानदारी से कर रही है। उन्होंने युवाओं के इस व्यवहार को अशोभनीय बताते हुए कहा कि अवैध शराब बेचना और पुलिस चौकी में तोड़फोड़ करना गलत है। उन्होंने नशा कारोबार में लिप्त पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। मनकोटिया ने नशे के खिलाफ लड़ाई में विपक्ष से भी सहयोग की अपील की और इस मुद्दे को राजनीतिक रंग देकर कांग्रेस को बदनाम करने के प्रयासों की निंदा की। उन्होंने युवाओं से गलत रास्ते पर जाने के बजाय मुख्यधारा में शामिल होकर देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
