कनिहार : पुलिस पेंशनर्ज के निधन पर पुलिस पेंशनर्ज एसोसिएशन ने शुरू की अंतिम सम्मान देने की प्रक्रिया
रंजीत ठाकुर। कुनिहार
पुलिस पेंशनर्ज एसोसिएशन मुख्यालय कुनिहार द्वारा एसोसिएशन के किसी भी सदस्य के निधन पर सदस्य के घर जाकर पारिवारिक सदस्य को अंतिम सम्मान देने का निर्णय लिया गया है, जिसकी शुरुआत एसोसिएशन ने कर दी है। एसोसिएशन के अध्यक्ष धनीराम तनवर ने बताया कि एसोसिएशन काफी लंबे समय से पुलिस विभाग से मांग कर रही है कि जिस तरह किसी फौजी पेंशनर के निधन पर उनके अधिकारी संस्कार में शामिल होकर उन्हें अंतिम सम्मान प्रदान करने के बाद उस जवान के घर जाकर सवेंदना प्रकट करते हुए अपने विभाग की तरफ से 10 हजार की राशि सम्मान के तौर पर उनके परिवार को दी जाती है, उसी तरह यह सम्मान पुलिस पेंशनर के निधन पर भी मिलना चाहिए, लेकिन पुलिस विभाग से बार बार मांग करने के बावजूद भी विभाग ने इस सम्मान के प्रति अपनी असमर्थता ही जाहिर की।
इसलिए एसोसिएशन के सदस्यों ने निर्णय लेते हुए अपनी ओर से यह अंतिम सम्मान व 10 हजार की राशि एसोसिएशन के सदस्य के निधन पर उनके परिवार को देने की शुरुआत कर दी है। अध्यक्ष ने बताया कि पिछले हफ्ते एसोसिएशन के उपाध्यक्ष मुनीलाल चौहान का निधन होने के बाद एसोसिएशन के सभी सदस्यों ने उनके घर जाकर उनकी पत्नी बीना देवी व अन्य पारिवारिक सदस्यों से सवेंदना व्यक्त की तथा अंतिम सम्मान के रूप में 10 हजार की राशि प्रदान की। धनीराम तनवर ने बताया कि भविष्य में जो भी पुलिस पेंशनर एसोसिएशन के साथ जुड़े हुए हैं। इस प्रकार की घटना होने पर उनके परिवार को भी एसोसिएशन द्वारा खुद यह राशि सम्मान के तौर पर भेंट की जाएगी।
