ऊना में चिट्टा माफियों पर पुलिस का शिकंजा, इतने ग्राम हेरोइन के साथ 2 गिरफ्तार
ऊना जिला की हरोली पुलिस थाना की टीम ने चिट्टा माफियों पर लगातार शिकंजा कसा हुआ है। इसी कड़ी में मंगलवार को एक गुप्त सूचना के आधार पर थाना हरोली की टीम ने सहायक उप निरीक्षक दीपक के नेतृत्व में धर्मपुर में बाइक पर सवार दो स्थानीय युवकों से 0.38 ग्राम हेरोइन पकड़ने में सफलता प्राप्त की है।
प्राथमिक पूछताछ में आरोपियों की पहचान भूषण पुत्र सोमनाथ निवासी वार्ड नं0-05 गांव व डा. धर्मपुर तहसील हरोली, जिला ऊना तथा नीरज निवासी गांव व डा. धर्मपुर तहसील हरोली, जिला ऊना के रूप में हुई। आरोपी चिट्टे की उक्त खेप कहां से लाए है और ऊना मे इसका नेटवर्क किसके साथ है पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी गई है। प्रभारी पुलिस थाना सुनील ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ अभियोग दर्ज करके आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। वहीं पुलिस अधीक्षक सचिन ने बताया कि जिला पुलिस लगातार नशे के व्यापारियों के खिलाफ सतर्कता और सूझबूझ से कार्य करके ऐसे लोगों को जेल के सलाखों के पीछे धकेल रही है।
