मोदी सरकार की आरक्षण नीति से उत्साहित हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष
मोदी सरकार की आरक्षण नीति से प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप काफी उत्साहित हाे गए हैं। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर वर्गों के हित में नरेंद्र मोदी सरकार ने ऐतिहासिक निर्णय लिया है जिसमे अंडर ग्रेजुएट, पोस्ट ग्रेजुएट एवं दंत चिकित्सा शिक्षा के लिए ऑल इंडिया कोटा में ओबीसी को 27 प्रतिशत और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को 10 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा। इस निर्णय से हजारों छात्रों को लाभ प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नित नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान चला रही है, जो कि भारत में बहुत तेजी से चल रहा है। अब तक देशभर में 45 करोड़ से अधिक टीके लगाए गए। सुरेश कश्यप ने कहा कि 18 से 44 वर्ष की आयु के 18.16 करोड़ से अधिक युवाओं को टिके लग गए है। भारत में एक दिन में 66 लाख लोगों को टीके लगे जो अपने आप में ऐतिहासिक है। यह अभियान केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से ही संभव था। आज भारत पूरे देश भर में कई बड़े देशों से टीकाकरण अभियान में आगे चल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने जो कोरोना के खिलाफ लड़ाई लड़ी है, वह दुनिया में मिसाल बनी है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि दुनिया के बड़े-बड़े देश जिनकी स्वास्थ्य सेवाएं अच्छी थी वो भी अपने आप को कोरोना के सामने असहाय महसूस करते हुए देखे गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कोविड-19 के दौरान 'प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना' के तहत अब तक राज्यों को 400 लाख टन खाद्यान्न वितरण के लिए दिया गया।
ई-पाॅस मशीनाें से पारदर्शिता बढ़ी
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि केंद्र सरकार ने ई-पाॅस मशीनों के इंस्टालेशन से पारदर्शिता सुनिश्चित की है, व इसका लाभ गरीबों को मिला है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गरीबों के जीवन पर महामारी के बोझ को कम करने के एकमात्र उद्देश्य के साथ प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना को नवंबर तक बढ़ाने की घोषणा की, जिसका लाभ 80 करोड़ लोगों को हाेगा। भारत सरकार ने सभी राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों की सरकारों को पीएमजीकेएवाई के तहत मुफ्त खाद्यान्न का वितरण समयबद्ध रूप से किया जाएगा। इसी तरह से हिमाचल की जयराम सरकार ने भी काेराेना काल के बावजूद हर सेक्टर के विकास काे गति दी।